कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: 'विचारधारा से समस्या नहीं, काम करने के तरीके में लाना चाहता हूं बदलाव', बोले शशि थरूर
कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर ने कहा कि हमारी विचारधारा से कोई समस्या नहीं है लेकिन मैं अपने काम करने के तरीके में बदलाव लाना चाहता हूं।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार शशि थरूर चुनाव से एक दिन पहले आज प्रचार के लिए उत्तर प्रदेश पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारी विचारधारा से कोई समस्या नहीं है लेकिन मैं अपने काम करने के तरीके में बदलाव लाना चाहता हूं। कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे एक अनुभवी नेता हैं, अगर वे जीतते हैं तो हम स्वाभाविक रूप से सहयोग से काम करेंगे। चुनाव से एक दिन पहले शशि थरूर ने ये बात कही। कल यानी सोमवार (17 अक्टूबर) को वोटिंग होगी।

इससे पहले शशि थरूर ने कल कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि कौन जीतता है। केवल पार्टी को जीतना चाहिए। मल्लिकार्जुन खड़गे जीतते हैं या मैं जीतता हूं लेकिन कांग्रेस को जीतना चाहिए, क्योंकि यह समावेशी भारत की पार्टी है। बता दें कि मल्लिकार्जुन के खिलाफ शशि थरूर कांग्रेस अध्यक्ष पद के मैदान में हैं।
'हम भारत के हित में काम करेंगे'
भाजपा पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि यदि आप एक भारतीय नागरिक हैं, तो आप हमारे हैं और हम आपके लिए हैं। एक अलग पार्टी के विपरीत जो कहती है कि यह एक हिंदू राष्ट्र है या यह एक वर्ग की पार्टी है, हम भारत के हित में सभी के लिए काम करेंगे।
कल होंगे चुनाव
थरूर ने इससे पहले भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय को एआईसीसी प्रमुख चुनावों पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि हम अपने आंतरिक मतभेदों को हल करने में पूरी तरह से सक्षम हैं। चुनाव में उनकी भागीदारी की आवश्यकता नहीं है। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा। 19 अक्टूबर को परिणाम घोषित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कांग्रेस अघ्यक्ष चुनाव: शशि थरूर प्रचार करने पहुंचे गुवाहाटी, कलाकारों के साथ किया बिहु डांस,Video












Click it and Unblock the Notifications