जेडीयू किसकी, नीतीश-शरद दोनों खेल रहे हैं अपना दांव, उपराष्ट्रपति के फैसले पर नजर
इस मामले में अब नीतीश गुट उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के फैसले का इंतजार करेगा। जदयू के सीनियर नेता संजय झा ने कहा,पार्टी संविधान के अनुसार शरद यादव ने नियमों का उल्लंघन किया है
राजनीति के माहिर खिलाड़ी नीतीश कुमार शरद यादव के मामले में प्लानिंग के साथ काम कर रहे हैं। खबर है कि शरद यादव को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने में जल्दबाजी के मूड में नहीं है। जेडीयू का दावा है कि पार्टी नियम के अनुसार शरद यादव की सदस्यता रद्द हो जाएगी। इसके बाद पार्टी शरद यादव की जगह नए नेता को राज्यसभा भेजने की तैयारी भी चल रही है। वहीं जदयू के प्रधान राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने शरद यादव पर तीखा प्रहार किया है।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के फैसले का इंतजार
केसी त्यागी ने कहा कि अपनी गतिविधियों से शरद यादव ने खुद को पार्टी विरोधी साबित कर दिया है। उनकी राज्यसभा की सदस्यता पर इसी माह फैसला होने की उम्मीद है। उनकी गतिविधियां इस बात का पुख्ता परिणाम हैं कि उन्होंने खुद से ही पार्टी की सदस्यता त्याग दी है। जदयू के सीनियर नेता संजय झा ने कहा, 'पार्टी संविधान के अनुसार शरद यादव ने नियमों का उल्लंघन किया है और ऐसे में उन्हें पार्टी की राज्यसभा सदस्यता छोड़नी होगी। पार्टी ने नियमों का हवाला देकर आवेदन दिया है और उम्मीद है कि एक महीने के अंदर फैसला आ जाएगा।' इस मामले में अब नीतीश गुट उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के फैसले का इंतजार करेगा।

अली अनवर भी हैं निशाने पर
शरद के अलावा दूसरे सांसद अली अनवर को हटाने के लिए भी आवेदन दिया गया है। दरअसल, हालिया घटनाक्रम से जेडीयू को राज्यसभा में सबसे ज्यादा घाटा हुआ है। शरद यादव, अली अनवर और वीरेंद्र कुमार बागी गुट में आ गए, जबकि अनिल सहनी को पार्टी पहले ही निष्कासित कर चुकी है। मतलब 4 सांसद पार्टी लाइन से बाहर हैं। शनिवार को केरल के एमपी वीरेंद्र कुमार ने शरद गुट के साथ जाने का ऐलान किया। इससे एक और राज्य यूनिट उनके फेवर में आ गई है।

शरद का शक्ति प्रदर्शन
वहीं नीतीश कुमार के इस फैसले से नाराज शरद यादव ने चुनाव आयोग को ज्ञापन देकर दावा किया है कि असली जदयू उनके साथ है, जबकि नीतीश खेमे ने भी चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में कहा गया है कि पार्टी के सभी विधायक, सांसद और पार्टी पदाधिकारी नीतीश कुमार के फैसले के साथ हैं। इसी बीच खबर है कि शरद यादव जेडीयू पर हक जताने के बाद शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है। उन्होंने 17 सितंबर को अपने गुट की बैठक बुलाई है, जिसमें वह ऐलान करेंगे कि असली जेडीयू पर उनका हक है।












Click it and Unblock the Notifications