केंद्र सरकार ने बिहार चुनाव को प्रतिष्ठा से जोड़ा: नीतीश कुमार
पटना (मुकुंद सिंह)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार ने बिहार विधानसभा चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ लिया है। जनता ने केन्द्र में सत्ता दे दी, अब चाहते हैं कि पूरे देश में उनकी सत्ता हो जाए।
पढ़ें- बिहार के पीएचडी धारक क्रिमिनल विधायक
पटना में एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में नीतीश ने केन्द्रीय मंत्रियों के लगातार बिहार दौरों पर तंज करते हुए कहा, ‘पिछले छह महीने का दौर देखें तो आप पाएंगे कि कोई दिन ऐसा नहीं गुजरा होगा, जब केंद्र के मंत्री बिहार न आए हों। लालू प्रसाद के शासनकाल को 'जंगलराज' कहे जाने के एक प्रश्न पर उन्होंने कहा कि बिहार में न आज जंगलराज है और न कल होगा।
उन्होंने कहा, 'भाजपा ने जंगलराज की बात शुरू की थी। भाजपा के पास कलेजा नहीं है कहीं भी जंगलराज को नियंत्रित करने का।' नीतीश ने कहा कि गुजरात में वर्ष 2002 में जो हुआ था, क्या वह मंगलराज था या अभी जो दिल्ली में लगातार अपराधिक घटनाएं हो रही हैं, वह मंगलराज है?
उन्होंने दावा किया कि बिहार अपराधिक आंकड़ों के मामले में अन्य कई राज्यों से बहुत पीछे है। मुख्यमंत्री ने लालू और कांग्रेस के साथ गठबंधन को मजबूरी कहे जाने से इंकार करते हुए कहा कि विपक्ष के मतों के बिखराव को रोकने के लिए दल एक होते रहे हैं। यह कोई पहली बार नहीं हुआ है। नीतीश ने कहा कि देश में पहली बार ऐसी पार्टी को बहुमत मिला है, जिसका स्वतंत्रता की लड़ाई में कोई योगदान नहीं रहा है।













Click it and Unblock the Notifications