वाड्रा के आर्म्स डीलर से लिंक पर चुप क्यों हैं सोनिया-राहुल, निर्मला सीतारमण ने किया 'अटैक'
सोमवार को एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भगोड़े आर्म्स एजेंट संजय भंडारी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा का टिकट बुक कराया था
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा के हथियार डीलर संजय भंडारी से कथित तौर पर संबंध पर रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राहुल गांधी चुप क्यों हैं। कांग्रेस लीडरशीप भी इसका कोई जवाब नहीं दे रही है। इससे यह साफ होता है कि वे आरोप को स्वीकार कर रहे हैं।

दरअसल, सोमवार को एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भगोड़े आर्म्स एजेंट संजय भंडारी ने कांग्रेस उपाध्यक्ष के बहनोई रॉबर्ट वाड्रा का टिकट बुक कराया था। इसी रिपोर्ट को लेकर केंद्रीय मंत्री ने सोमवार रात कांग्रेस नेता पर निशाना साधा था। ट्वीट के जरिए तंज कसते हुए कहा था 'वाड्रा टिकटगेट पर व्यग्रता से राहुल जी के काव्यात्मक पोस्ट की प्रतीक्षा है।'
गौरतलब है कि एक निजी टीवी चैनल ने दावा किया है कि भगोड़े आर्म्स डीलर भंडारी ने 2012 में वाड्रा के लिए बिजनेस क्लास में टिकट खरीदा था। चैनल ने कहा है कि वाड्रा और उनके वकील ने भगोड़े आर्म्स डीलर के साथ रिश्ता होने से इन्कार किया था।
आपको बता दें कि इससे पहले भी संजय भंडारी और रॉबर्ट वाड्रा के बीच लिंक पर सवाल उठ चुके हैं। पहले आरोप लगा था कि भंडारी ने साल 2016 में वाड्रा के फ्लैट का नवीनीकरण करवाया था।












Click it and Unblock the Notifications