पुलवामा: CRPF ग्रुप सेंटर हमले में NIA ने की एक और गिरफ्तारी,गाड़ी सप्लायर अरेस्ट
पुलवामा: CRPF ग्रुप सेंटर हमले में NIA ने की एक और गिरफ्तारी,गाड़ी सप्लायर अरेस्ट
नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के पुलवामा के लेथपोरा में CRPF के ग्रुप सेंटर पर हुए आत्मघाती हमले की जांच में जुटी NIA को बड़ी सफलता हासिल हुई है। NIA ने इस हमले में पांचवीं गिरफ्तारी की है। टीम ने रविवार को इरशाद अहमद नाम के आतंकी को गिरफ्तार किया है। इरशाद कश्मीर के रत्नीपोरा इलाके का रहने वाला है। इससे पहले NIA ने इस मामले में फैयाज अहमद मागरे, मंसूर अहमद भट, निसार अहमद तांत्रे और हिलाल अंद्राबी को गिरफ्तार किया है।
इरशाद अहमद को पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों की निशानदेही पर गिरफ्तार किया गया। इरशाद अहमद लेथपोरा सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल है। एनआईए के मुताबिक इसी ने आतंकवादियों को शरण दी और उन्हें हमले के लिए गाड़ी उपलब्ध करवाई। इसी से रेकी का काम किया।
जानकारी के मुताबिक इरशाद अहमद जैश ए मोहम्मद का आतंकी है। वो जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर नूर मोहम्मद तांत्रे का खास आदमी है। नूर मोहम्मद तांत्रे को साल 2017 में सुरक्षाबलों ने मार गिराया था। गौरतलब है कि 30 दिसंबर 2017 को लेथपोरा पुलवामा में सीआरपीएफ के ग्रुप सेंटर पर आत्मघाती हमला हुआ था। इस हमले में पांच जवान शहीद हो गए थे। सेना ने हमले में शामिल तीनों आंतकियों को मार गिराया था।