11 दिसंबर से शुरू होगा संसद का शीतकालीन सत्र, कई अहम विधेयकों पर होगी नजर
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने बुधवार को संसद के आगामी शीतकालीन सत्र की की तारीखों का ऐलान कर दिया। विजय गोयल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि, संसदीय मामलों की कैबिनेट कमेटी ने निर्णय लिया है कि संसद का शीतकालीन सत्र 11 दिसंबर 2018 से शुरू होकर 8 जनवरी 2019 तक चलेगा। यह मोदी सरकार के पहले कार्यकाल का अंतिम शीत कालीन सत्र है। सरकार इस सत्र में कई अहम विधयकों को पास कराने की कोशिश करेगी।

केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति ने (सीसीपीए) अगला सत्र 11 दिसंबर से आठ जनवरी तक बुलाने का फैसला किया है। बताया जा रहा है कि कई अहम बिलों पर चर्चा के साथ-साथ इस सत्र में तीन तलाक बिल भी लाया जा सकता है।
संभावना है कि इस बार शीतकालीन सत्र में विपक्षी दल राफेल डील, किसानों के प्रदर्शन, कीमतों में बढ़ोतरी जैसे अहम मुद्दों को उठा सकते हैं। इसके अलावा सूची में मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया को भी भंग करने वाला अध्यादेश भी शामिल है।
आम तौर पर शीतकालीन सत्र नवंबर के महीने में ही शुरू होता है। लेकिन लगातार ऐसा दूसरी बार है जब शीतकालीन सत्र का आयोजन दिसंबर में किया जा रहा है। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की वजह से दिसंबर में सत्र का आयोजन किया जाएगा। पिछले साल गुजरात और हिमाचल विधानसभा चुनावों की वजह से दिसंबर में सत्र शुरू हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications