न्यूयॉर्क शूटिंग: सुपरमार्केट में हुई गोलीबारी में 10 लोगों की मौत, मरने वालों में अधिकांश काले
शनिवार दोपहर को संदिग्ध व्यक्ति व्यस्त सुपरमार्केट में घुस गया और फ़ायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने कहा है कि इस हमले को उसने कैमरे के ज़रिए ऑनलाइन स्ट्रीम किया
न्यूयॉर्क में हुई गोलीबारी में दस लोग मारे गए हैं, जिसकी जांच नस्लीय रूप से प्रेरित हेट-क्राइम के रूप में की जा रही है. न्यूयॉर्क के बफ़ैलो में हुई इस गोलीबारी की घटना में एक 18 साल के लड़के को गिरफ्तार किया गया है. हालांकि पुलिस ने उसका नाम अब तक सार्वजनिक नहीं किया है. शनिवार दोपहर को संदिग्ध व्यक्ति व्यस्त सुपरमार्केट में घुस गया और फ़ायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने कहा है कि इस हमले को उसने कैमरे के ज़रिए ऑनलाइन स्ट्रीम किया. एफबीआई ने गोलीबारी की इस घटना को 'हिंसक उग्रवाद' बताया है.
एफ़बीआई के बफ़ैलो कार्यालय के एजेंट प्रभारी स्टीफ़न बेलोंगिया ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हम इस घटना की जांच हेट-क्राइम और नस्लीय रूप से प्रेरित हिंसक चरमपंथ के मामले के रूप में कर रहे हैं." बफ़ैलो पुलिस आयुक्त जोसेफ ग्रैमाग्लिया ने बताया है कि 13 लोगों को गोली मार दी गई और मरने वालों में अधिकांश लोग काले हैं.
माना जा रहा है कि संदिग्ध घंटों गाड़ी चला कर शहर के उस इलाके में आया जहां बड़ी आबादी काले लोगों की है. घटना में तीन घायल लोग सुपरमार्केट में काम करते थे, जिन्हें जानलेवा चोटें नहीं आई हैं. सुपरमार्केट में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहे एक सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी ने संदिग्ध को गोली मारने की कोशिश की, लेकिन इस हमले में वो मारे गए. एरी काउंटी के ज़िला अटॉर्नी जॉन फ्लिन ने कहा कि संदिग्ध को फर्स्ट-डिग्री मर्डर का अभियुक्त बनाया गया है, और शनिवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा.
ये भी पढ़ें..
- यूएई की रूस से बढ़ती नज़दीकी, अमेरिका से दूरी और पर्दे के पीछे से शेख मंसूर बिन ज़ायेद का रोल
- स्पोर्ट्स ब्रा: पुरुषों की लंगोट से कैसे आई खेलों में महिलाओं के लिए क्रांति
- सिद्दीक़ कप्पन मामले में अमेरिकी आयोग ने भारत को क्या कहा है
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)












Click it and Unblock the Notifications