तबरेज अंसारी मॉब लिंचिंग केस: नई मेडिकल रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
नई दिल्ली। झारखंड में जिस तरह से तबरेज अंसारी की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी उसके बाद इस मामले में जो मेडिकल रिपोर्ट सामने आई है उसपर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल मेडिकल रिपोर्ट में कहा गया था कि तबरेज की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी। लेकिन अब एक नई मेडिकल रिपोर्ट सामने आई है जिसमे यह कहा गया है कि तबरेज को दिल का दौरा सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से पड़ा था। इस मेडिकल रिपोर्ट पर एमएजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर के एचओडी के हस्ताक्षर हैं।

गंभीर चोट की वजह से दिल का दौरा
मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार तबरेज को दिल का दौरा सिर में गंभीर चोट और शरीर के अंग के पीला पड़ने की वजह से खून हार्ट चैंबर में इकट्ठा होने लगा, जिसकी वजह से तबरेज को दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई। बता दें कि तबरेज की मृत्यु की जांच के लिए पांच सदस्यीय मेडिकल पैनल का गठन किया गया था। गौर करने वाली बात है कि 24 वर्षीय तबरेज की झारखंड के सराईकेला-खरसवान में 18 जून को मॉब लिंचिंग की वजह से मौत हो गई थी।

11 लोगों को आरोपी बनाया गया था
बता दें कि पुलिस ने पहले, 11 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। अंसारी की पत्नी की शिकायत के आधार पर एफआईआर में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। पुलिस घटनास्थल पर 18 घंटे बाद पहुंची थी। बाद में तबरेज को घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां 22 जून को उसकी मौत हो गई थी।

पुलिस ने धारा 302 को हटाया
पुलिस ने इस मामले में अब धारा 302 की जगह धारा 304 के तहत मुकदमा शुरू करने की सिफारिश की है, जिसको लेकर हंगामा शुरू हो गया है। इसपर तबरेज की पत्नी ने भी कहा कि उनके पति की हत्या की गई है। पहले इस मामले में धारा 302 के तहत केस दर्ज था, लेकिन बाद में प्रशासन के प्रभाव में इसे 304 (गैर-इरादतन हत्या) में तब्दील कर दिया था। पत्नी ने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने की कोशिश हो रही है। इस मामले में तबरेज की पत्नी ने सीबीआई जांच की मांग की है।

गृहराज्यमंत्री ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण
वहीं केंद्रीय गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि आरोपियों को सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि केवल बीजेपी शासित राज्यों में ही लिंचिंग बढ़ रही है। पीएम मोदी ने भी मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर बात की थी। बता दें कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए पुलिस ने कहा था कि तबरेज अंसारी की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई थी और ये पूर्व नियोजित हत्या का मामला नहीं है। गौरतलब है कि तबरेज पर चोरी का आरोप लगाकर भीड़ द्वारा बुरी तरह पिटाई की गई थी, जिसकी वजह से उसकी मृत्यु हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications