नेताजी की हत्या नेहरू के इशारे पर हुई थी: सुब्रह्मण्यम स्वामी
मेरठ। एक बार फिर से अपने बयानों को लेकर आलोचना झेलने वाले सुब्रह्मण्यम स्वामी ने विवादित बयान दिया है। शुक्रवार को मेरठ में सुभाषचंद्र बोस की जयंती के मौके पर सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा कि उन्हें पता है कि नेताजी की हत्या कैसे और कहां हुई। नवभारत टाइम्स की खबर के मुताबिक स्वामी ने कहा है कि नेताजी की हत्या हुई थी जो कि कि रुस में स्टालिन ने करायी थी, जिसमे पंडित जवाहर लाल नेहरू का हाथ था।
स्वामी ने कहा कि उनके पास बकायदा सबूत है जिसे कि वो अगली बार जब मेरठ आयेंगे तो लेकर आयेंगे। स्वामी ने कहा कि नेताजी के बारे में कांग्रेस ने अफवाह फैलायी थी कि उनकी एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई लेकिन ऐसा नहीं है वॉर क्रिमिनल घोषित होने पर नेताजी रूस गये थे जहां स्टालिन ने उन्हें मार दिया। लेकिन बोस को मारने से पहले स्टालिन ने नेहरू जी को फोन किया था लेकिन नेहरू जी ने नेताजी को छुड़ाने के बजाय स्टालिन से कहा कि आप को जो उचित लगे वो कीजिये और उसने नेताजी को मार दिया।
नेताजी की मौत के बारे में नेहरू जानते थे
स्वामी ने कहा कि हमारे पास वो फाइल है, मैं मोदी सरकार से दर्खास्त करता हूं कि वो जल्द से जल्द से सच से पर्दा उठाये। स्वामी ने खुले तौर पर पंडित नेहरू और गांधी परिवार को इस मामले में घसीटा है, देखते हैं गांधी परिवार उनके इस विवादित बयान पर क्या टिप्पणी करता है। वैसे यह कोई पहला मौका नहीं है जब स्वामी ने गांधी परिवार पर निशाना साधा है, इससे पहले वो कई मामलों में जैसे कि 2जी, सुनंदा पुष्कर मर्डर केस में भी सोनिया गांधी का नाम घसीट चुके हैं।