MP News: लुटेरी सरकार को जवाब देने तमिलनाडु पहुंचे सीएम मोहन यादव, जनसभाओं में साधा विपक्ष पर निशाना
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तमिलनाडु में बीजेपी-एआईएडीएमके गठबंधन के समर्थन में प्रचार किया, डीएमके और कांग्रेस की आलोचना की, जबकि विकास, डबल इंजन सरकार, भाषा को बढ़ावा देने और महिलाओं के आरक्षण को मुख्य प्राथमिकता के रूप में जोर दिया।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बीच सियासी माहौल तेज हो गया है। इसी कड़ी में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य में भारतीय जनता पार्टी और एआईएडीएमके के समर्थन में चुनाव प्रचार करते हुए विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने नमक्कल जिले की रासीपुरम और तिरुपुर जिले की अविनाशी विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित कर एनडीए के पक्ष में मतदान की अपील की।

मुख्यमंत्री ने रासीपुरम में भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रेमकुमार और अविनाशी में उम्मीदवार एल. मुरुगन के समर्थन में प्रचार करते हुए कहा कि इस बार तमिलनाडु की जनता "लुटेरी सरकार" को जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि जनता के रुझान से स्पष्ट है कि राज्य में एनडीए की सरकार बनने जा रही है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने डीएमके और कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन दलों ने वर्षों तक परिवारवाद को बढ़ावा देकर राज्य के विकास को बाधित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ सरकार में भ्रष्टाचार, अपराध और माफिया का बोलबाला है, जिससे आम जनता परेशान है।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी उन्होंने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर विपक्षी दलों ने देश की आधी आबादी का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि सामान्य परिवारों की महिलाएं राजनीति में आगे बढ़ें।
विकास और डबल इंजन सरकार पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है और तमिलनाडु भी इस यात्रा का अहम हिस्सा बन सकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा-एआईएडीएमके की "डबल इंजन सरकार" बनने पर राज्य में विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार तमिल भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है और शिक्षा के क्षेत्र में भी स्थानीय भाषाओं को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
रोड शो और जनसंपर्क में दिखा उत्साह
अविनाशी में मुख्यमंत्री ने रोड शो कर जनता से सीधा संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी और समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन एनडीए के पक्ष में साफ दिखाई दे रहा है और चुनाव परिणाम भी उसी दिशा में जाएंगे।
पारंपरिक अंदाज में नजर आए मुख्यमंत्री
चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री का अलग अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने पारंपरिक तरीके से केले के पत्ते पर दक्षिण भारतीय भोजन का आनंद लिया और स्थानीय संस्कृति को करीब से समझने का प्रयास किया। साथ ही उन्होंने दक्षिण भारतीय परिधान धारण कर स्थानीय लोगों से जुड़ाव दिखाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि तमिलनाडु को विकास और सुशासन की नई दिशा देने का अवसर है।












Click it and Unblock the Notifications