नायडू बने NDA के उपराष्ट्रपति कैंडिडेट, पीएम ने बताया किसान का बेटा
वेंकैया नायडू होंगे एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार
नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू एनडीए के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार होंगे। सोमवार शाम को बीजेपी संसदीय बोर्ड बैठक में पार्टी ने यह फैसला किया। बैठक में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने उपराष्ट्रपति पद के लिए उनके नाम का अनुमोदन किया, जिस पर सभी ने अपनी सहमति दी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस फैसले की जानकारी दी।

Recommended Video

अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वेंकैया नायडू केंद्रीय मंत्री और दो बार भाजपा के अध्यक्ष रहे। वो पार्टी लाइन के बाहर जाकर सभी दलों के बीच अपनी पहचान रखते हैं और और एनडीए ने सर्वसम्मति से उपराष्ट्रपति पद के लिए उनके नाम पर फैसला लिया है। शाह ने जानकारी दी है कि वेंकैया नायडू मंगलवार को सुबह 11 बजे उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना नामांकन करेंगे। उपराष्ट्रपति पद के लिए 5 अगस्त को वोट डाले जाएंगे। वेंकैया नायडू के पूर्व में उपराष्ट्रपति पद के लिए इच्छुक ना होने संबंधी बयान पर शाह ने कहा कि वेंकैया नायडू ने हर्ष के साथ पार्टी के फैसले को स्वीकारा है। वैकैंया नायडू के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनाए जाने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि मैं वेंकैया नायडू को वर्षों से जानता हूं। मैंने हमेशा उनकी कड़ी मेहनत और दृढ़ता की प्रशंसा की है। उपराष्ट्रपति पद के लिए वह सबसे उपयुक्त उम्मीदवार हैं। उन्होंने उन्हें किसान का बेटा बताया।
पहले से ही थी नायडू के नाम की चर्चा
राष्ट्रपति पद के लिए उत्तर प्रदेश से रामनाथ कोविंद को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद इस बात को लेकर चर्चा थी कि भारतीय जनता पार्टी दक्षिण भारत से किसी नेता को अपना उपराष्टपति पद का उम्मीदवार बना सकती है। आन्ध्र प्रदेश से आने वाले नायडू को मीडिया में पहले ही एनडीए की तरफ से उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार की रेस में सबसे आगे बताया जा रहा था। वेंकैया के नाम पर ही सोमवार शाम को भाजपा की संसदीय बोर्ड की बैठक में मुहर लगाई गई।
यूपीए पहले ही गोपालकृष्ण गांधी को उपराष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। ऐसे में गांधी और नायडू के बीच अब उपराष्ट्रपति पद के लिए मुकाबला होगा। गोपालकृष्ण गांधी महात्मा गांधी के पपौत्र हैं और राज्यपाल रह चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications