बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने ट्विटर को भेजा नोटिस, राहुल गांधी के अकाउंट पर कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली, अगस्त 04: राजधानी में 9 साल की बच्ची की रहस्यमयी मौत पर राजनीति तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि माता-पिता के आंसू सिर्फ एक बात कह रहे हैं, उनकी बेटी, देश की बेटी न्याय की हकदार है और इस न्याय के रास्ते पर मैं उनके साथ हूं। इसके साथ उन्होंने अपनी और पीड़ित के परिवार की फोटो साझा की, जिस पर नया विवाद खड़ा हो गया है।

मामले में अब राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने ट्विटर इंडिया को एक नोटिस जारी किया है। ये नोटिस 9 साल की बच्ची के बलात्कार और हत्या के मामले में है। नोटिस में बताया गया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उनके प्लेटफॉर्म पर बच्ची के माता-पिता की फोटो पोस्ट की, जबकि पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। ऐसे में वो चाहते हैं कि तुरंत राहुल के अकाउंट पर ट्विटर इंडिया एक्शन ले।
बीजेपी ने भी उठाया मामला
जैसे ही राहुल ने पीड़ित परिवार की फोटो शेयर की, वैसे ही बीजेपी ने उस पर सवाल उठा दिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संबित पात्रा ने कहा कि वो राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग से ये अपील करते हैं कि राहुल गांधी को नोटिस जारी किया जाए और उनके खिलाफ पोक्सो एक्ट के उल्लंघन के तहत कार्रवाई की जाए। राहुल ने अपने ट्वीट में पीड़िता के परिजनों का चेहरा सार्वजनिक किया है, जो पोक्सो एक्ट की धारा 23 और जुवेनाइल जस्टिस केयर के तहत चाइल्ड प्रोटेक्शन एक्ट की धारा 74 का उल्लंघन है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक 9 साल की बच्ची श्मशान घाट पर लगे वाटर कूलर से पानी लेने गई थी। वहीं पर उसकी मौत हो गई। शुरू में बच्ची को करंट लगने की बात कही गई, लेकिन जब परिजनों ने पुलिस को जानकारी देने की कोशिश की, तो उसका जबरन अंतिम संस्कार करवा दिया गया। हालांकि पुलिस इस मामले की जांच हत्या और बलात्कार के एंगल से कर रही है। जिस वजह से POCSO एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications