'मनमोहन सिंह संवेदनशील PM थे लेकिन अब किसी को...', शरद पवार ने क्यों कहा ऐसा?
Sharad Pawar News: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह किसानों के प्रति संवेदनशील थे और कुछ किसानों द्वारा की गई आत्महत्या के बारे में जानने के बाद उन्होंने महाराष्ट्र में अमरावती का दौरा किया था, लेकिन अब किसी को भी उनके मुद्दों की परवाह नहीं है।
शरद पवार ने पुणे शहर में शेतकारी आक्रोश मोर्चा के समापन के अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए ये बात कही। हालांकि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम नहीं लिया। पुणे जिले के शिवनेरी किले की तलहटी से निकले पैदल मार्च का नेतृत्व एनसीपी (शरद पवार गुट) के सांसद अमोल कोल्हे ने किया था।

इस खास मौके पर उद्धव ठाकरे और शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत, कांग्रेस के बालासाहेब थोराट और राकांपा नेता अमोल कोल्हे और सुप्रिया सुले सहित महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के कई नेता उपस्थित थे।
शरद पवार बोले- 'मनमोहन सिंह नता के साथ-साथ किसानों के प्रति भी संवेदनशील थे'
शरद पवार मनमोहन सिंह कैबिनेट में कृषि मंत्री भी रह चुके हैं। शरद पवार ने कहा, ''मुझे याद है कि कुछ किसानों की आत्महत्या के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अमरावती का दौरा किया था। वे जनता के साथ-साथ किसानों के प्रति भी संवेदनशील थे। मनमोहन सिंह ने उस समय 72,000 करोड़ रुपये के कृषि ऋण भी माफ कर दिए थे।''
शरद पवार ने कहा, लेकिन अब किसानों को हो रही कठिनाइयों पर कोई गौर तक नहीं कर रहा है। यह 'शेतकारी आक्रोश मोर्चा' पुणे तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे देश तक पहुंच गया है।
वहीं इस मौके पर संजय राउत ने कहा कि, राकांपा सांसद सुप्रिया सुले और अमोल कोल्हे को किसानों के मुद्दे उठाने के लिए संसद से निलंबित कर दिया गया था।












Click it and Unblock the Notifications