ओडिशा थाने में सेना अधिकारी और उनकी मंगेतर का उत्पीड़न: भड़के पटनायक बोले- थानों में भी महिलाएं सुरक्षित नहीं
Naveen Patnaik: ओडिशा में विपक्षी बीजेडी के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने पुलिस हिरासत में महिलाओं की सुरक्षा और राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। केंद्रपाड़ा और गजपति जिलों के पार्टी नेताओं के साथ एक बैठक में पटनायक ने थाने में सेना pअधिकारी और उनकी मंगेतर के उत्पीड़न के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा।
पटनायक ने पुलिस स्टेशन में महिला के साथ कथित यौन उत्पीड़न पर कहा कि ये घटना न केवल आम जनता के लिए बल्कि थाने के भीतर सुरक्षा की चिंताजनक कमी को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा, "यह दुखद है कि भुवनेश्वर में पुलिस थानों के अंदर भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और राजभवन में सरकारी कर्मचारियों की पिटाई की जाती है। ऐसा लगता है कि राज्य में कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।"

पटनायक की टिप्पणी 15 सितंबर की घटना के संदर्भ में थी, जिसमें कथित तौर पर एक सेना अधिकारी को प्रताड़ित किया गया और भरतपुर पुलिस स्टेशन में उसकी मंगेतर का यौन उत्पीड़न किया गया। वहीं इससे पहले राज्यपाल के बेटे द्वारा कथित तौर पर ड्यूटी पर तैनात एक सरकारी कर्मचारी पर शारीरिक हमला किया गया था।
ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने बीजद अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ को भी संबोधित किया, जिसमें पार्टी नेताओं से सुभद्रा योजना, पेंशन और भत्ते तथा मुफ्त बिजली के संबंध में भाजपा द्वारा किए गए "झूठे" चुनावी वादों के बारे में जागरूकता फैलाने का अनुरोध किया।
बीजद ने लगातार दावा किया है कि भाजपा मतदाताओं से किए गए अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। पार्टी ने दावा किया कि राज्य की सभी महिलाओं को दो साल के भीतर 50,000 रुपये देने का वादा करने के बावजूद, भाजपा ने बाद में कई महिलाओं को इस अवसर से वंचित कर दिया। इसने कहा कि 21 से 60 वर्ष की आयु की महिलाओं को सुभद्रा योजना के लाभार्थियों के रूप में चुना गया था।
नवीन पटनायक ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया कि वे जनता को भाजपा के "झूठ" के बारे में बताएं, जिसमें 300 यूनिट मुफ्त बिजली और 3,500 रुपये वृद्धावस्था पेंशन का वादा किया गया है। उन्होंने लोगों के बीच इन मुद्दों को उजागर करने की आवश्यकता पर बल दिया।












Click it and Unblock the Notifications