Covid Drill: कोरोना वायरस को लेकर सभी अस्पताल अलर्ट, आज देशभर में होगी मॉक ड्रिल
Corona News Update: कोरोना वायरस के एक्टिव केसों की संख्या तेजी से बढ़ रही। इसकी तैयारियों का जायजा लेने के लिए आज देशभर में मॉक ड्रिल की जाएगी।

देश में अचानक से कोरोना केस में बढ़ोतरी हुई है, जिसको लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्य सरकार अलर्ट मोड पर हैं। इस बीच आज पूरे देश में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसमें कोरोना से जुड़ी तैयारियों की जांच होगी।
इस ड्रिल के तहत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया हरियाणा के झज्जर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में तैयारियों को परखेंगे। इससे पहले उन्होंने कोरोना को लेकर राज्यों के साथ एक हाईलेवल बैठक की थी, जिसमें सभी को जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए थे।
स्वास्थ्य मंत्रालय का साफ निर्देश है कि 'टेस्ट-ट्रैक-ट्रीट-टीकाकरण' की रणनीति पर तेजी से काम किया जाए। साथ ही सभी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। इसके अलावा सभी महत्वपूर्ण अस्पतालों में आईसीयू बेड, ऑक्सीजन, पीपीई किट समेत अन्य चीजों की तैयारी की जाए।
क्या कह रहे स्वास्थ्य मंत्री?
कुछ एक्सपर्ट देश में कोरोना की चौथी लहर की आशंका जता रहे हैं, जिस पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सभी को सतर्क रहने की जरूरत है। पिछला कोविड म्यूटेशन ओमिक्रॉन का BF.7 सब-वेरिएंट था और अब XBB1 सब-वेरिएंट संक्रमण में वृद्धि का कारण बन रहा। उन्होंने साफ किया कि ये सब-वेरिएंट बहुत खतरनाक नहीं हैं।
रविवार को क्या थी रिपोर्ट?
रविवार सुबह जारी रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में भारत के अंदर 5357 नए मरीज सामने आए। इसके साथ ही देश में एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 32814 हो गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने टेस्टिंग बढ़ा दी है। जिसके तहत इस अवधि में 1 लाख 09 हजार 378 सैम्पल टेस्ट किए गए।
5 राज्यों में मास्क की वापस
वैसे कोरोना केस कम होने के चलते लोग अब बिना मास्क के घूम रहे थे, लेकिन ताजा अपडेट्स को देखते हुए 5 राज्यों ने मास्क को लेकर नए निर्देश जारी किए गए हैं। केरल, हरियाणा, पुडुचेरी, सिक्किम और यूपी में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को ज्यादा एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही।












Click it and Unblock the Notifications