NASA ने जारी की जहरीले स्मॉग की तस्वीरें, दिल्ली की स्थिति भयावह
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई इलाकों में स्मॉग का कहर जारी है। लोगों को सांस लेने में कठिनाईयों का समाना करना पड़ रहा है। इस बीच नासा ऑब्जर्वेटरी ने स्मॉग से जुड़ी कुछ तस्वीरें जारी की हैं। इसमें दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत और पाकिस्तान के कुछ इलाकों में धुंध का कहर साफ तौर पर देखा जा सकता है। इन तस्वीरों को देखकर स्थिति की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

यह तस्वीरें नासा के मॉडरेट रेजोल्युशन इमेजिंग स्पेक्ट्रोरेडिओ मीटर (MODIS) ने सैटेलाइट के जरिए 7 नवंबर को खींची। इनमें दो तस्वीर हैं। पहली तस्वीर में कोहरे को दिखाया गया है जबकि दूसरी तस्वीर में हवा में मौजूद जहरीले प्रदूषित कणों को दिखाया गया है। इन तस्वीरों में साफ दिख रहा है लखनऊ से लेकर पाकिस्तान के लाहौर तक धुंध छायी हुई है।

इस तस्वीर में दिल्ली और उसके पास की स्थिति भयावह नजर आ रही है। दिल्ली एनसीआर में धुंध के साथ हवा में भारी मात्रा में प्रदूषित कण मौजूद हैं। दिल्ली में स्मॉग के लिए गाड़ियों से निकलने वाले धुंए और पंजाब और हरियाणा के खेतों में पराली जलाए जाने को जिम्मेदार माना जा रहा है।
दिल्ली में स्मॉग को कहर देखते हुए बुधवार को छोटे बच्चों के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया गया है। साथ ही सरकार ने ज्यादा से ज्यादा लोगों को घरों में रहने की सलाह भी जारी की है। वहीं अगर पाकिस्तान की बात की जाए तो वहां लाहौर और उसके पास के इलाकों में भी स्मॉग का कहर जारी है।












Click it and Unblock the Notifications