मोदी सरकार पर सोनिया गांधी ने किया हमला, बोलीं- समाज में बढ़ रही है असहिष्णुता और हिंसा
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि समाज में असहिष्णुता और हिंसा बढ़ रही है। उन्होंने कहा, 'असहिष्णुता और हिंसा में तेजी से वृद्धि हो रही है। हमारे ऐतिहासिक और समाजिक दृष्टि को झूठे तरीके से और अवैज्ञानिक विचारों के साथ थोपा जा रहा है। यह सब हमारे देश के उदारवादी, धर्मनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक नींव के विरोधी रहे हैं।' उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के विचार हमेशा देश को जोड़ने वाले रहे थे। यही वजह है कि इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह को उनके राष्ट्रीय एकीकरण के कारण लंबे समय तक याद किया जाएगा।

आपको बता दें कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय एकता पुरस्कार इस बार चंडी प्रसाद भट्ट को दिया गया है। सोनिया गांधी ने इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर चंडी प्रसाद को प्रदान किया। इस पुरस्कार के तहत 10 लाख रुपये का नगद इनाम दिया जाता है। यह सम्मान पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी (मरणोपरांत), पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम और प्रख्यात वैज्ञानिक सतीश धवन सहित कई हस्तियों को दिया जा चुका है। चिपको आंदोलन से जुड़े रहे 85 वर्षीय गांधीवादी पर्यावरणविद चंडी प्रसाद भट्ट को इससे पहले पद्म भूषण, रमन मैग्सेसे और गांधी शांति पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं।
इससे पहले सोनिया गांधी RTI बिल को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि आरटीआई बिल को कमजोर किया जा रहा है। सोनिया ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में यह बात किसी से छिपी नहीं कि केंद्र की मोदी सरकार आरटीआई की संस्था को अपने निरंकुश एजेंडा को लागू करने में एक बड़ी अड़चन के तौर पर देखती आई है। उन्होंने आगे यह भी कहा कि यह कानून जवाबदेही मांगता है और भाजपा सरकार किसी भी तरह के जवाब देने से साफ-साफ गुरेज करती आई है।












Click it and Unblock the Notifications