नामीबिया की संसद में PM मोदी का संबोधन, भारत की UPI तकनीक अपनाने वाला पहला देश बना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को नामीबिया की संसद को संबोधित करते हुए ऐतिहासिक घोषणा की कि नामीबिया भारत की यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) को अपनाने वाला पहला देश बन गया है। पीएम मोदी ने कहा, "हमें गर्व है कि नामीबिया ने भारत की UPI तकनीक को अपनाया है। बहुत जल्द लोग इतनी तेजी से पैसा भेज पाएंगे कि 'टांगी उनेने' बोलने से भी पहले ट्रांजैक्शन पूरा हो जाएगा।"
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार पीएम मोदी ने अपने भाषण में नामीबिया के विभिन्न इलाकों का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि जल्द ही कुनिने में कोई हिम्बा दादी या कटुतुरा के किसी दुकानदार को सिर्फ एक टैप से डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलेगी। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, "यह स्प्रिंगबोक से भी तेज होगा।"

प्रधानमंत्री ने भारत-नामीबिया व्यापार संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों का द्विपक्षीय व्यापार 800 मिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है। लेकिन उन्होंने संकेत दिया कि यह तो शुरुआत भर है। "जैसे क्रिकेट मैदान पर खिलाड़ी वार्मअप करते हैं, वैसे ही हम भी अभी बस शुरू कर रहे हैं। हम और तेज़ी से रन बनाएंगे, और ज्यादा बनाएंगे," पीएम मोदी ने कहा।
UPI के लॉन्च से दोनों देशों के नागरिकों को डिजिटल अर्थव्यवस्था का फायदा मिलेगा। खासकर ग्रामीण और दूरदराज़ इलाकों में रहने वालों के लिए यह पहल बड़ा बदलाव साबित हो सकती है। भारत और नामीबिया के बीच तकनीकी सहयोग के अलावा ऊर्जा, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी कई नए समझौते होने की उम्मीद जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications