बेटे को पर्सनल सेक्रेटरी बताकर अमेरिका ले गईं नागपुर की मेयर, ऐसे हुआ खुलासा
नई दिल्ली। नागपुर नगर निगम की मेयर नंदा जिचकर अपने बेटे को 'निजी सचिव' बताकर अपने साथ अमेरिकी दौरे पर ले जाने के चलते विवादों में घिर गई हैं। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर बीजेपी की मेयर पर जबरदस्त हमला बोला है। बता दें कि, जिचकर को सैन फ्रांसिस्को में वैश्विक जलवायु शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया गया था, जिसका आयोजन 12-14 सितंबर को किया गया था। कांग्रेस ने मेयर के इस कदम पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने देश का नाम 'खराब' किया है।

बताया जा रहा है कि जिचकर अपने छोटे बेटे प्रियाश जिचकर को अपने साथ आधिकारिक यात्रा पर ले गईं। प्रियाश मुंबई में पढ़ाई करता है। इस घटना को लेकर मेयर की आलोचना करते हुए कांग्रेस के शहर प्रमुख विकास ठाकरे ने कहा कि जिचकर ऐसा कर गलती की है। निजी सचिव का पद आधिकारिक होता है जबकि उनका बेटा नागपुर नगर निगम में काम नहीं करता है। बीजेपी जिलाध्यक्ष ने भी जहां इसे गलत माना है। इस मामले की जांच की बात की है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मेयर ने अमेरिकी आयोजनकर्ताओं को भी गुमराह किया और उनके ऐसा करने से हमारे देश का नाम 'खराब' हुआ। उन्होंने कहा कि विपक्ष जिचकर के इस्तीफे की मांग नहीं करेगा लेकिन उन्हें खुद ही त्यागपत्र दे देना चाहिए।

नागपुर के एडिशनल म्यूनिसिपल कमिश्नर रवींद्र ठाकरे ने कहा कि अमेरिकी दौरे का खर्च सम्मेलन के आयोजककर्ता की ओर से दिया गया था। उन्होंने कहा, मेयर ने हमें सूचित किया कि वह ग्लोबल क्लाइमेट एक्शन समिट में हिस्सा लेने जा रही हैं। हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक मेयर नंदा की ओर से कोई बयान नहीं आया है।












Click it and Unblock the Notifications