मुस्लिम नेता ने किया ऐलान, शशि थरूर का मुंह काला करने वाले को दूंगा 11 हजार
Recommended Video

अलीगढ़: दिग्गज कांग्रेस नेता शशि थरूर के उस बयान के बाद सियासत थमने का नाम नहीं ले रही जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर साल 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी जीत गई, तो हिंदुस्तान का संविधान खतरे में पड़ जाएगा। भारत 'हिंदू पाकिस्तान' बन जाएगा। शशि थरूर के इस बयान पर बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से माफी की मांग की जबकि थरूर के बयान के बाद मचे सियासी घमासान को देखते हुए कांग्रेस ने अपने नेताओं को सोच-समझकर बोलने की नसीहत भी दी। वहीं, अलीगढ़ के एक मुस्लिम यूथ लीडर ने थरूर के बयान का कड़ा विरोध किया है।

अलीगढ़ मुस्लिम युवा मोर्चा के अध्यक्ष हैं आमिर राशिद
अलीगढ़ के युवा नेता आमिर राशिद ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर का मुंह काला करने पर 11,000 रुपये का इनाम देने की घोषणा भी कर दी है। अलीगढ़ मुस्लिम युवा मोर्चा के अध्यक्ष, राशिद ने कहा कि थरूर ने हिंदुओं ही नहीं राष्ट्रवादी मुस्लिमों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने का काम किया है। हिंदू-मुस्लिम एकता हमारी संस्कृति है लेकिन थरूर ने इसका अपमान किया है।

राशिद ने कांग्रेस को चेताया
राशिद ने कहा कि ये सीधे तौर पर हिंदू संस्कृति पर हमला है। युवा नेता ने कहा कि देश की जनता थरूर और कांग्रेस को इस गैरजिम्मेदाराना बयान के लिए माफ नहीं करेगी। राशिद ने कांग्रेस को चेताया कि इसका परिणाम 2019 लोकसभा चुनाव में भुगतना होगा। राशिद ने थरूर को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर उनको पाकिस्तान से इतना प्यार है तो वहीं चले जाएं।

शशि थरूर के बयान के बाद कांग्रेस बैकफुट पर
इसके पहले शशि थरूर के बयान पर बीजेपी ने भी हमला बोला। संबित पात्रा ने कहा था कि राहुल गांधी को इस के लिए माफी मांगनी चाहिए, इसी कांग्रेस पार्टी ने अपने स्वार्थ के लिए पाकिस्तान को जन्म दिया। पाकिस्तान आज टेररिस्तान है, जिसकी हिंदुस्तान से तुलना नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बार-बार हिंदुस्तान को नीचा दिखाने का प्रयास किया है।












Click it and Unblock the Notifications