भीड़ के पीटकर मार डालने का डर, बुर्का पहन ट्रेन में सफर कर रहा मुस्लिम इंजीनियर
भीड़ पीटकर ना मार डाले, डर से बुर्का पहन ट्रेन में सफर कर रहा मुस्लिम इंजीनियर
नई दिल्ली। देशभर में भीड़ के किसी को भी या फिर सार्वजनिक स्थानों पर मार देने की खबरें लगातार आ रही हैं। इसको लेकर देश में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन भी हो रहे हैं। इन सबके बीच अलीगढ़ से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई हैं। यहां बुर्का पहन कर ट्रेन में सफर कर रहे एक शख्स को पुलिस ने पकड़ा तो उसने कहा कि वो भीड़ के मुस्लिमों पर हो रहे हमलों के डर की वजह से ऐसा कर रहा है।

रविवार को अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब बुर्के में घूम रहे एक शख्स को यात्रियों ने दबोच लिया और जीआरपी के हवाले कर दिया। बुर्का पहनकर सफर रहा ये शख्स इंजीनियर है। अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लेकर पुलिस ने इससे पूछताछ की तो उसने कहा कि उसे डर है कि मुसलमान होने की वजह से उसे भीड़ पीट सकती है ऐसे में खुद को छुपाने के लिए बुर्का पहन कर चलता है।
हफिंगटन पोस्ट की खबर के अनुसार, 42 साल का इंजीनियर नजमुल हसन पटना (बिहार) का रहने वाला है। हसन कासिमपुर पावर स्टेशन में काम करता है। हसन ने अधिकारियों को बताया कि वह अपने बीमार रिश्तेदार की देखभाल करने के लिए बार-बार दिल्ली जाता रहता है। उसने बताया कि हाल ही में अलीगढ़ स्टेशन पर उतरते वक्त वह गलती से एक शख्स से टकरा गया था जिसपर उस शख्स ने धर्म के नाम पर उसे बुरा-भला कहना शुरू कर दिया और कुछ लोगों ने उसे धमकाया कि उनको सबक सिखा दिया जाएगा। जिसके बाद वो अपना चेहरा छुपाकर चलने लगा।
एसएसपी राजेश पांडे ने मामले पर कहा कि हसन के दावों की जांच करने के बाद उसमें कुछ गलत नहीं मिला। उन्होंने कहा कि जब हसन को जीआरपी को सौंपा गया तो वह रो रहा था, पूछताछ के बाद उसको छोड़ दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications