#CycloneOckhi: हाई अलर्ट पर मुंबई,भारी बारिश के चलते स्कूल बंद रखने का आदेश
मुंबई। तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में तबाही मचाने के बाद ओखी चक्रवात मुंबई पहुंच चुका है। इस चक्रवात की वजह से मुंबई में लगातार तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। ओखी तूफान की वजह से मौसम विभाग ने मुंबईवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दो दिन में मुंबई में मूसलाधार बारिश हो सकती है। सरकार ने ओखी तूफान के चलते मंगलवार को सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया है। हालांकि बाद में मुंबई यूनिवर्सिटी की ओर से घोषणा की गई कि मुंबई यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े सभी कॉलेज खुले रहेंगे और पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही परीक्षाएं होंगी।

वहीं रेलवे ने भी कमर कस ली है। सभी इमरजेंसी नंबर अपडेट कर दिए गए हैं। वहीं छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल और कल्याण में इमर्जेंसी सेल खोले गए हैं। रेलवे ने किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए 250 रेलवे पुलिस और महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा पुलिस बल के जवानों को तैनात किया गया है। रेलवे ने एक्सीडेंट राहत ट्रेन, राहत मेडिकल वैन आदि की तैयारियां पूरी कर ली है। सरकार ने भी रेस्क्यू टीम को हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार करने को कहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन तक मुंबई में इसी तरह से तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है। वहीं अब ये तूफान धीरे-धीरे गुजरात की ओर बढ़ रहा है।












Click it and Unblock the Notifications