50 कारों के काफिले के साथ विटेंज बग्घी में निकले " 75 साल के नेता जी"
रामपुर। आज सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव का 75वां जन्मदिन है जिसे कि शाही अंदाज में आज रामपुर में उनके खासमखास आजम खां मना रहे हैं। पिछले काफी समय से मीडिया में सुर्खियां बना मुलायम का जन्मदिन आज अपनी सुर्खियों के हिसाब से ही मनाया जा रहा है।
अपने प्रिय नेता और बड़े भाई मुलायम के लिए आजम खां ने बेहद ही खास तैयारियां की हैं। आजम ने मुलायम सिंह के लिए अमेरिका से 75 किलो का केक मंगाया था जो कि आज मुलायम सिंह ने काटा और यही नहीं अब से थोड़ी देर पहले मुलायम अपने पुत्र अखिलेश यादव के साथ इंग्लैण्ड से विंटेज बग्घी पर रामपुर की यात्रा के लिए निकले हैं। हालांकि बग्घी में मुलायम-अखिलेश के साथ भाई शिवपाल यादव, आजम खान और विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय भी थे। इससे पीछे सपा सरकार के मंत्रियों की 50 कारें चल रही थीं जिसमें कम से कम 40 मंत्री शामिल थे। इनमें से काफी मंत्रियों का परिवाऱ भी इस जश्न का हिस्सा बना है।
इस यात्रा के बाद मुलायम सिंह जौहर यूनिवर्सिटी में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास करेंगे और पूरे रामपुर वासियों को साईकिल बांटेंगे। इस तरह से शाही जश्न के जरिये आजम खां शायद यह बात बताने की जुगत में हैं कि सपा पार्टी में उनकी पहुंच नंबर 2 की है और वो काफी अहम स्थान रखते हैं।
इस शाही जश्न के हिसाब के बारे जब आजम से पूछा गया तो वो पहले मीडिया वालों पर ही भड़क गये और उसके बाद बोले कि इस जश्न में पैसा तालिबानियों ने दिया है तो कुछ अबू सलेम और दाऊद ने। अरे जब मोदी विदेश दौरे पर जाते हैं तो कोई उनसे तो नहीं मांगता पैसे का हिसाब, हम ने एक दावत की तो आप लोग पूछने चले आये और आपको मिर्ची लग गई।













Click it and Unblock the Notifications