मुलायम को भी लगी मायावती वाली लत, मनायेंगे शाही जन्मदिन
रामपुर। वैसे तो मुलायम सिंह यादव और मायावती के बीच में 36का आंकड़ा रहता है लेकिन कुछ ऐसे मौके आते हैं जब दोनों ही नेताओं की आदतें या शौक मिल जाते हैं। इसमे किसी को कोई भी शक नहीं कि दोनो ही सितारों को अपनी वाह-वाही लुटने का खासा शौक है।
शायद ही यूपी का कोई बाशिंदा हो जिसे मायावती का जन्मदिन समारोह याद नहीं होगा, माया के अनाप-शनाप खर्चों का हिसाब उस समय विपक्ष में बैठी सपा ही सबसे आगे मांग रही थी लेकिन आज खुद सपा सरकार वो ही करने जा रही है।
रामपुर में मनेगा सपा मुखिया का भव्य जन्मदिन
इन दिनों यूपी के रामपुर में पार्टी सुप्रीम मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन की तैयारियां चल रही हैं जिसे देखकर आपकी आंखें फटी की फटी रह जायेंगी। मुलायम सिंह का जन्मदिन 22 नवंबर को है, उस दिन मुलायम सिंह 75 फीट का केक काटेंगे और उनके खासमखास दोस्त और मंत्री आजम खान उन्हें लंदन से मंगाई गई विक्टोरिया बग्घी में घुमाएंगे।
इस बात की जानकारी खुद आजम खान ने मीडिया को दी है। आजम खान ने कहा कि जैसे ही 21 नवंबर की रात 12 बजे पर घड़ी की सुईयां घंटा बजायेंगी ठीक उसी समय हमारे नेताजी एक बड़ी इमारत में 75 फीट का केक काटेंगे। अपने नेताजी को लेकर बेहद भावुक आजम ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे मुलायम सिंह का जन्मदिन मनाने का अवसर प्राप्त हुआ है।
इस समय पूरे रामपुर में जन्मदिन की तैयारियां हो रही हैं।100 स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं, नई सड़कें बन रही हैं, रंगाई-पुताई हो रही है, नए झंडे लहराए जा रहे हैं, जगह-जगह दीवारों पर मुलायम सिंह के पोस्टर लगाये जा रहे हैं। हालांकि सियासतदारों के मुताबिक आजम खां यह सबकुछ इसलिए कह रहे हैं क्योंकि वो अपनी पोजिशन सपा सरकार में और भी स्ट्रांग चाहते हैं। खैर जो भी हो जश्न तो मनने ही जा रहा है, देखते हैं कि जश्न की सूरत कितनी खूबसूरत होती है?













Click it and Unblock the Notifications