सपा के स्टार प्रचारकों की सूची से मुलायम-शिवपाल का नाम गायब
यूं तो मुलायम सिंह यादव और उनके छोटे भाई शिवपाल यादव पहले कई बार मौकों पर पार्टी में दरकिनार किए जाते रहे हैं।
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने नूरपुर और कैराना उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट चुनाव आयोग को भेज दी है। इस सूची में मुलायम सिंह यादव और शिवपाल सिंह यादव का नाम शामिल नहीं किया गया है। मुलायम और शिवपाल का नाम गोरखपुर और फूलपुर उपचुनाव के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में भी नहीं था। नूरपुर और कैराना उपचुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट में अखिलेश यादव का नाम तो है, लेकिन पिता मुलायम और चाचा शिवपाल सूची से गायब हैं। नूरपुर विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव के लिए जारी की गई सपा की सूची में जो नाम रखे गए हैं, वो हैं- अखिलेश यादव, किरनमय नंदा, मोहम्मद आजम खान, राम गोविंद चौधरी, राजेंद्र चौधरी, अहमद हसन, नरेश उत्तम पटेल, धर्मेंद्र यादव।

यूं तो मुलायम सिंह यादव और उनके छोटे भाई शिवपाल यादव पहले कई बार मौकों पर पार्टी में दरकिनार किए जाते रहे हैं। लेकिन यह नूरपुर उपचुनाव के स्टार प्रचारकों की सूची में मुलायम और शिवपाल का नाम न होना, इसलिए ज्यादा चौंकाता है, क्योंकि हाल ही में परिवार का झगड़ा खत्म होने की बात कही गई थी।
कुछ दिनों पहले जब सपा के कुनबे में रार खत्म होने के दावे किए जा रहे थे, तब चर्चा जोरों पर थी कि शिवपाल की नई जिम्मेदारी लगभग तय कर दी गई है और जल्द ही इस बारे में ऐलान किया जा सकता है। ऐसी भी खबरें आई थीं कि कुछ करीबी लोगों की मौजूदगी में अखिलेश यादव, शिवपाल और मुलायम सिंह यादव के बीच बातचीत हुई थी। बैठक के बाद सूत्रों के हवाले से खबर आई कि अखिलेश 2019 का लोकसभा चुनाव किसी भी हाल में जीतना चाहते हैं और इसके लिए वह चाचा शिवपाल सिंह यादव को राष्ट्रीय महासचिव बनाने को राजी हो गए हैं।
यह बात सच है कि लंबे राजीतिक ड्रामे के बाद शिवपाल सिंह यादव और अन्य सपा नेता परिवार का झगड़ा खत्म होने का दावा कर चुके हैं, लेकिन सपा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट देखने के बाद ऐसा लगता नहीं है कि सपा के घर का झगड़ा सुलझ गया है।












Click it and Unblock the Notifications