मुख्तार अब्बास नकवी की मुस्लिम समुदाय से अपील, 'रमजान में घरों पर करें इबादत'
नई दिल्ली। देश में कोरोना महामारी के चलते लॉकडाउन लागू है। इसी बीच देश में कई जगहों पर मुस्लिम समुदाय के लोग लॉकडाउन का उल्लंघन कर मस्जिदों में नमाज अदा करते दिखे थे। अगले सप्ताह से रमजान शुरू होने वाला है ऐसे में अब केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से रमजान में घरों में रहकर नमाज अदा करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से ईदगाह में जाने से मना किया है।

नकवी की अपील विभिन्न धार्मिक नेताओं, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों, अधिकारियों और राज्य वक्फ बोर्डों के अन्य पदाधिकारियों के साथ बात करने के बाद आई है। उन्होंने उन्हें रमजान के दौरान लॉकडाउन और सोशल डिस्टेंसिंग के दिशानिर्देशों के कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने केंद्रीय वक्फ परिषद के माध्यम से राज्य वक्फ बोर्ड को यह सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया है कि रमजान के दौरान किसी भी परिस्थिति में लोग धार्मिक और अन्य स्थानों पर इकट्ठा न हों।
उन्होंने आगे कहा, पूरी दुनिया में सउदी अरब समेत सभी तमाम इस्लामिक देशों ने धार्मिक स्थलों पर भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों पर रोक लगाई है। आज हमने सभी धर्मगुरुओं, प्रमुख इमामों, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों और देशभर के वक्फ बोर्ड से चर्चा की है और उनसे अपील की है कि वो लोगों में जागरुकता पैदा करें। वो लोगों से अपील करें कि रमजान के पवित्र महीने में इबादत और इफ्तार अपने घरों पर करें। किसी भी जगह भीड़भाड़ करने से बचें।












Click it and Unblock the Notifications