MP उपचुनाव: पैसे बांटते हुए शिवराज के मंत्री का वीडियो वायरल, चुनाव आयोग के पास पहुंची शिकायत
भोपाल: मध्य प्रदेश में उपचुनाव के ऐलान के साथ ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस बीच कैबिनेट मंत्री और आदिवासी नेता बिसाहू लाल सिंह के वीडियो पर नया राजनीतिक बवाल शुरू हो गया। इस वीडियो में मंत्री धड़ल्ले से नोट बांट रहे हैं, जबकि चुनाव के ऐलान के साथ ही आचार संहिता लागू हो गई थी। वो खुद बीजेपी की ओर से अनूपपुर विधानसभा क्षेत्र से उपचुनाव में प्रत्याशी हैं।
Recommended Video

20 सेकेंड के वीडियो से गरमाई राजनीति
वीडियो में साफ दिख रहा है कि मंत्री बिसाहू लाल किसी कार्यक्रम में मौजूद हैं। इस दौरान उनके पीछे लोग जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं। वहीं मंत्री जी के हाथ में 100 रुपये के नए नोट की गड्डी है। पहले बिसाहू लाल बच्चों को एक-एक नोट पकड़ाते हैं। इसके बाद वो महिलाओं के पास चले जाते हैं और वहां भी नोट बांटते हैं। 20 सेकेंड के इस वीडियो के सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया।
मंत्री ने दी सफाई
वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस भी सक्रिय हुई और इसकी शिकायत चुनाव आयोग से कर दी। कांग्रेस के मुताबिक ये वीडियो 3 अक्टूबर का है, ऐसे में मंत्री पर कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं मंत्री जी ने भी इस वीडियो को लेकर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि जब भी मेरा ग्रामीण अंचल में दौरा होता है तो लोग कलश लेकर अभिनंदन और स्वागत के लिए खड़े रहते हैं। अभी आचार संहिता नहीं लगी है। स्वागत के लिए जो बच्चे खड़े थे उनको मैंने रुपए दिए। बीजेपी की परंपरा है कि कार्यक्रम शुरू करने से पहले कन्या पूजन किया जाए।

बचाव में उतरे गृहमंत्री
वहीं मंत्री बिसाहू लाल के समर्थन में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी उतर आए हैं। साथ ही उन्होंने कांग्रेस के वीडियो को फेक बताया है। नरोत्तम मिश्रा के मुताबिक बिसाहूलाल लोकप्रिय नेता हैं। कांग्रेस के नेता कहीं की बात कहीं लाकर चिपका देते हैं। उन्होंने इस वीडियो को पुराना बताया है। उन्होंने कांग्रेस को सामने आकर लड़ने की चुनौती दी है। आपको बता दें कि 3 नवंबर को मध्य प्रदेश की 28 सीटों पर विधानसभा के उपचुनाव होंगे। यही चुनाव मध्य प्रदेश में शिवराज सरकार का भविष्य तय करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications