मुंबई में 'मदर ऑफ इंडिया' मनन चतुर्वेदी का भव्य स्वागत, जल्द करेंगी पेंटिंग शो का आयोजन
देशभर में 'मदर ऑफ इंडिया' के नाम से पहचानी जाने वाली और सौ से अधिक बेसहारा बच्चों की परवरिश करने वाली मनन चतुर्वेदी का मुंबई एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत हुआ। जयपुर स्थित 'सुरमन संस्थान' की संस्थापक और पूर्व बाल आयोग अध्यक्ष मनन चतुर्वेदी जब मुंबई पहुंचीं, तो उनके स्वागत के लिए कई नामी चेहरों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। फिल्म जगत से अभिनेता जीतुराज, टीटू वर्मा, प्रदीप शुक्ला, लक्ष्मण कुमार, शेलू सोनी और सुमित जडिया समेत कई हस्तियों ने उन्हें गर्मजोशी से अभिनंदन दिया।

104 बच्चों की मां, कलाकार भी कमाल की
मनन चतुर्वेदी न केवल एक संवेदनशील सामाजिक कार्यकर्ता हैं, बल्कि एक कुशल चित्रकार भी हैं। उन्होंने अब तक सैकड़ों बेसहारा बच्चों को गले लगाकर उन्हें नया जीवन दिया है। जयपुर के वैशाली नगर में स्थित सुरमन संस्थान में 104 बच्चे रहते हैं, जो उन्हें माँ कहकर पुकारते हैं। इनमें से कई बच्चों को उन्होंने शिक्षा दिलवाई और उनके विवाह भी कराए।
अपने चित्रों की बिक्री से मिलने वाले धन से वह इन बच्चों की परवरिश करती हैं। उनकी कलाकारी की चर्चा देश ही नहीं, विदेशों तक फैली हुई है। उन्होंने लगातार 73 घंटे तक पेंटिंग बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है।
जल्द ही मुंबई में होगा पेंटिंग शो
मनन चतुर्वेदी अब मुंबई में भी एक भव्य आर्ट एग्जिबिशन आयोजित करने जा रही हैं। अभिनेता टीटू वर्मा ने बताया कि यह शो बहुत जल्द आयोजित होगा और इसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। सामाजिक सरोकार और कला का ऐसा संगम बहुत कम देखने को मिलता है, जैसा मनन दीदी के जीवन में देखने को मिलता है।
उनका उद्देश्य है कि भारत में कोई भी बच्चा बेसहारा न रहे, और 'सुरमन संस्थान' जैसा सहारा हर जरूरतमंद को मिले।












Click it and Unblock the Notifications