अजित पवार के साथ गए कई 42 MLA एनसीपी में वापस लौटे, धनंजय भी बैठक में शामिल
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार सुबह बड़ा उलटफेर देखने को मिला, उससे ना सिर्फ राज्य बल्कि देश भी भौंचक्का रह गया। इस घटना क्रम के बाद कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना अपने विधायकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश कर रही है। इसी बीच अजीत पवार के साथ राजभवन गए विधायकों ने शरद पवार के साथ होने की बात कही है। एनसीपी विधायक दिलिपराव बनकर ने ट्वीट करके कहा है, 'मेरी श्रद्धा शरद पवार के साथ है। मैं केवल एनसीपी के साथ हूं। मैं अजित पवार के कहने पर राजभवन गया था।

एनसीपी के विधायक लगातार मीडिया के सामने आकर शरद पवार के साथ होने की बात कर रहे हैं। मुंबई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के विधायक अतुल बेनके ने कहा कि, मैं शरद पवार जी के साथ हूं। हम सब साथ हैं। ऐसी बीच ऐसी खबरें भी सामने आ रही हैं कि, एनसीपी के कई नेता अजीत पवार को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अजित पवार को मनाने के लिए पहुंचे एनसीपी के सांसद सुनील तटकरे और एनसीपी विधायकों दिलीप वालसे और हसन मुशरिफ की कोशिशें फेल हो गई हैं। अजित पवार मानने को तैयार नहीं हैं।
यशवतं राव सेंटर में शरद पवार एनसीपी के विधायकों के साथ बैठक कर रहे हैं। सुबह अजित पवार के साथ राजभवन गए विधायकों में कई विधायकों के इस बैठक में पहुंचने की खबर है। टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक, यशवंत राव सेंटर में हो रही एनसीपी की बैठक में अबतक 42 विधायक पहुंच चुके हैं। आपको बता दें कि 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में एनसीपी के 54 विधायक हैं। जिसके बाद महाराष्ट्र की राजनीति में फिर से किसी बड़े उलटफेर होने की संभावना जताई जा रही है। इस बीच एनसीपी विधायक धनंजय मुंडे के भी शरद पवार द्वारा बुलाई गई एनसीपी की बैठक में पहुंचने की खबर आ रही है।
महाराष्ट्र विधानसभा में 288 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए बहुमत का जरूरी आंकड़ा 145 का है। विधानसभा चुनाव के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी को 105, शिवसेना को 56, एनसीपी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली हैं। बीजेपी और शिवसेना चुनाव से पहले साथ थीं और ऐसे में दोनों के पास बहुमत का आंकड़ा था। हालांकि, गठबंधन टूट गया और बीजेपी को सरकार बनाने के लिए 40 सीटों की जरूरत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications