कोरोना से दुनियाभर में 2 लाख से ज्यादा मौतें, सिर्फ 16 दिन में दोगुना हुआ आंकड़ा
नई दिल्ली: चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस का कहर दुनियाभर में तेजी से बढ़ता जा है। फिलहाल अभी तक इसकी कोई वैक्सीन और दवा नहीं बन पाई है। जिस वजह से दुनियाभर में दो लाख से ज्यादा लोगों की जान इस महामारी की वजह से गई है। वहीं दुनियाभर में संक्रमित मरीजों की संख्या 30 लाख पहुंचने वाली है। मौजूदा वक्त में अमेरिका इस महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित है। वहीं भारत में लॉकडाउन के बाद भी आंकड़ा तेजी से बढ़ता जा रहा है।

16 दिन में दोगुना हुआ आंकड़ा
कोरोना से संबंधित आंकड़े जारी करने वाली साइट worldometers.info के मुताबिक दुनियाभर में कोरोना के अब तक 29,22,078 मामले सामने आ चुके हैं। जिसमें से 2,03,304 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस बीच एक राहत भरी खबर भी है। जहां 8,37,156 मरीज अब तक इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। जिस वजह से अब एक्टिव केस की संख्या 18,81,615 ही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक 11 जनवरी को वुहान में कोरोना की वजह से पहली मौत हुई थी, ये आंकड़ा एक लाख पहुंचने में 90 दिनों का वक्त लगा था। वहीं अब महज 16 दिनों में ये आकंड़ा दोगुना होकर दो लाख के पार पहुंच गया।

अमेरिका में बुरे हालात
वैसे तो कोरोना वायरस चीन से शुरू हुआ था लेकिन अब वहां स्थिति सामान्य हो गई है। मौजूदा वक्त में अमेरिका कोरोना का नया केंद्र बन गया है। जहां अब तक 9,60,896 मामले सामने आए हैं। वहीं इनमें से 54,265 लोगों की मौत हुई है। अब तक किसी अन्य देश में कोरोना से इतनी मौतें नहीं हुई हैं। वहीं अमेरिका के बाद स्पेन और इटली कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है। जहां स्पेन में 223,759 और इटली में 195,351 लाख मामले सामने आए हैं।

भारत में क्या है हाल?
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 26498 हो गई है। पिछले 24 घंटों में 1990 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 49 लोगों की मौत हो गई है। भारत में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 824 तक पहुंच गई है। जबकि 5804 लोग स्वस्थ्य होकर अपने घर लौट गए हैं। कोरोना की चेन तोड़ने के लिए सरकार ने पूरे देश में 3 मई तक के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया है और लोगों से घरों में रहने की अपील की जा रही है। वहीं हॉटस्पॉट वाले इलाकों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications