मानसून सत्र रिपोर्ट कार्ड: लोकसभा-राज्यसभा में कितने घंटे हुआ काम? कितनी हुई 'प्रोडक्टिविटी', 5 बड़ी बातें
Monsoon Session Report Card: देश की संसद का मानसून सत्र गुरुवार (21 अगस्त) को हंगामों और विपक्ष के विरोध के बीच खत्म हो गया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन को अनिश्चितकाल (Sine Die) के लिए स्थगित कर दिया, वहीं राज्यसभा की कार्यवाही भी उपसभापति हरिवंश ने खत्म कर दी।
पूरे सत्र में विपक्ष ने बिहार मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) की जांच को लेकर JPC की मांग पर जोर दिया, जिसके चलते लगातार नारेबाजी और व्यवधान बने रहे। इसकी वजह से लोकसभा और राज्यसभा में 'प्रोडक्टिविटी' बहुत कम रही है। आइए जानें इस मानसून सत्र का रिपोर्ट कार्ड।

🔴 1. लोकसभा में कामकाज का हाल
- लोकसभा के लिए 120 घंटे चर्चा का समय तय किया गया था, लेकिन हंगामों के चलते केवल 37 घंटे ही चर्चा हो पाई।
- 12 विधेयक पास हुए, जिनमें ऑनलाइन गेमिंग विनियमन विधेयक प्रमुख रहा।
- इस दौरान कुल 419 सवाल पूछे गए, जिनमें से सिर्फ 55 सवालों के उत्तर ही दिए जा सके।
- आखिरकार, लोकसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
🔴 2. राज्यसभा में कामकाज का हाल
- राज्यसभा में पूरे सत्र के दौरान सिर्फ 41 घंटे 15 मिनट की कार्यवाही हो पाई।
- इस दौरान सदन की उत्पादकता महज 38.88% रही।
- 15 विधेयक पास किए गए, जिनमें ऑनलाइन गेमिंग विधेयक को आवाज़ मत से पारित किया गया।
- 255 तारांकित प्रश्नों में से केवल 14 का उत्तर दिया गया।
- 285 विशेष उल्लेखों में से सिर्फ 61 पर ही विचार हुआ।
- सदन में 6 सेवानिवृत्त सदस्यों को विदाई दी गई और ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा हुई।
🔴 3. लोकसभा में सरकार का विधायी काम
लगातार विरोध-प्रदर्शन के बावजूद सरकार ने इस सत्र में 14 विधेयक पेश किए और उनमें से 12 विधेयक पारित कराने में सफलता पाई। इनमें प्रमुख हैं:
- आयकर विधेयक
- कराधान कानून (संशोधन) विधेयक
- राष्ट्रीय खेल शासन विधेयक
- ऑनलाइन गेमिंग विनियमन विधेयक
- इसके अलावा, संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, जिसका उद्देश्य राजनीति को अपराधमुक्त करना है, उसे संयुक्त संसदीय समिति को भेजा गया।
🔴 4. लोकसभा-राज्यसभा सत्र की प्रमुख घटनाएं
ऑपरेशन सिंदूर (पाहलगाम आतंकी हमले पर भारत की प्रतिक्रिया) पर चर्चा हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदन को संबोधित किया।
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) मिशन पर गर्व व्यक्त करते हुए अध्यक्ष बिरला ने इसे "भारत की वैज्ञानिक उत्कृष्टता का प्रमाण" बताया।
🔴 5. कैसा रहा सत्र का आखिरी दिन
सत्र के आखिरी दिन भी विपक्ष का विरोध जारी रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सदन में मौजूद रहे। अध्यक्ष ओम बिरला ने सत्र को स्थगित करने से पहले उन सांसदों का आभार जताया जिन्होंने रचनात्मक तरीके से भाग लिया और सभी सदस्यों से भविष्य में गरिमा और गंभीरता के साथ संसद की कार्यवाही में योगदान देने की अपील की।
समापन भाषण में अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद की कार्यवाही के दौरान बार-बार प्लकार्ड और नारेबाजी का इस्तेमाल होने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, "हमारे आचरण को पूरा देश देखता है। हमें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए। बार-बार का व्यवधान संसदीय गरिमा और जनता के विश्वास का उल्लंघन है।"
🔴 मानसून सत्र का सबसे वायरल मुद्दा!
20 अगस्त कोबहस के दौरान कुछ विपक्षी नेताओं ने इन तीनों बिलों संविधान (130वां संशोधन) विधेयक, 2025, केंद्र शासित प्रदेश शासन (संशोधन) विधेयक, 2025, और जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन (संशोधन) विधेयक, 2025 - की प्रतियां फाड़ दीं और उन्हें अमित शाह की ओर फेंक दिया। जिसको लेकर विवाद जारी है।












Click it and Unblock the Notifications