अभिनेत्री के रेप केस में फंसा ये सुपरस्टार, समर्थन में उतरी LDF, कहा- पहले कांग्रेस विधायक दें इस्तीफा
केरल में सत्तारूढ़ एलडीएफ (LDF) ने बलात्कार के मामले में आरोपी CPI (M) विधायक और अभिनेता मुकेश का समर्थन किया। एलडीएफ ने कहा, रेप के मामले में आरोपी दो कांग्रेस विधायकों को मलयालम अभिनेता मुकेश का इस्तीफा मांगने से पहले अपना खुद का इस्तीफा दे देना चाहिए।
वहीं एलडीएफ के संयोजक ई पी जयराजन ने भी कहा कि न तो माकपा और न ही वामपंथी सरकार विभिन्न अभिनेताओं और निर्देशकों के खिलाफ आरोपों पर दर्ज किसी भी मामले में किसी भी गलत काम करने वाले को बचाएगी

अभिनेता मुकेश पर एक्ट्रेस ने लगाया रेप का आरोप
जस्टिस हेमा कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद से मलयालम फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता और विधायक मुकेश भी विवादों में फंस गए हैं। अभिनेता मुकेश के खिलाफ एक अभिनेत्री की शिकायत पर रेप का मामला दर्ज कर लिया गया है। मुकेश के खिलाफ IPC की धारा 376 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसके बाद से उनके इस्तीफे की मांग उठ रही है।
अभिनेता मुकेश इस्तीफा देंगे या नहीं?
एलडीएफ के संयोजक ई पी जयराजन पत्रकारों के इस सवाल का जवाब दे रहे थे कि मुकेश इस्तीफा देंगे या नहीं? उन्होंने कहा कि इससे पहले दो अन्य विधायकों के खिलाफ यौन उत्पीड़न के बहुत बड़े मामले दर्ज किए गए थे, जिन्होंने इस्तीफा नहीं दिया था। वह कांग्रेस के विधायकों एम विंसेंट और एल्डोज कुन्नापिल्ली का जिक्र कर रहे थे।
उन्होंने कहा, "अगर उन्होंने इस्तीफा दे दिया होता, तो तीसरे विधायक (मुकेश) को भी इस्तीफा देना पड़ता। कानून सभी विधायकों पर समान रूप से लागू होता है। मुकेश का इस्तीफा मांगकर आप बाकी दो को बचा रहे हैं।"
एनी राजा समेत कुछ सीपीआई नेताओं ने मुकेश का इस्तीफा मांगा है...इस सवाल के जवाब में ई पी जयराजन ने कहा, "कोई भी कुछ भी मांग सकता है।"
उन्होंने आगे कहा कि राज्य की वामपंथी सरकार ने जस्टिस हेमा कमेटी की रिपोर्ट के मद्देनजर महिला सुरक्षा और फिल्म उद्योग की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी और कड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार नैतिक रूप से मजबूत है क्योंकि मुकेश के खिलाफ गैर-जमानती प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications