जूलियट मर्डर केस: कैंडी क्रश खेलना बंद कीजिए और ध्यान से पढि़ए
नयी दिल्ली (ब्यूरो)। अगर आप दिल्लीवाले हैं तो तय कीजिए कि कैसे रिएक्ट करेंगे। करेंगे भी या नहीं? कैंडी क्रश खेलना बंद कीजिए, दो मिनट निकालकर ये सवाल पढ़ लीजिए, जिनके जवाब शायद दूर कहीं आकाश में गुम हो गए हैं। भारत के पूर्वोत्तर में सात राज्य हैं। जी हां सेवन सिस्टर्स। तो क्या से सेवन सिस्टर्स दिल्ली की सौतेली बहनें बन गई हैं। ऐसा हम इसलिए पूछ रहे हैं क्योंकि दिल्ली के मुनिरका में मिजोरम की एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। युवती 6 महीने से एक युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। उसकी पहचान 24 वर्षीय जूलियट के तौर पर हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए तफ्तीश शुरु कर दी है।

शुरुआती तफ्तीश में लिहाजा इतना पता चला है कि जूलियट एक बीपीओ में काम करती थी और 6 महीने पहले मुनिरका गांव में चौपाल के पास किराए पर कमरा लिया था। उसके साथ उसका लिव-इन पार्टनर वीरेंद्र भी रहता था। वीरेंद्र प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़ा बताया जा रहा है। इस सनसनीखेज कत्ल के बाद नॉर्थ ईस्ट मूल के सैकड़ों लोग गुस्से में हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। चुकि वीरेंद्र नॉर्थ इंडिया का रहने वाला है इसलिए मामले को एक बार फिर नार्थ ईस्ट बनाम नॉर्थ से जोड़कर देखा जा रहा है। और दिल्ली! वो तो इस मामले को लेकर शुरु से बदनाम है।
उदाहरण के तौर पर अरुणाचल प्रदेश के रहने वाले निडो तानियाम की हत्या का ही मामला ले लीजिए। अगर मामला सच में नार्थ इस्ट बनाम नॉर्थ हुआ तो ये क्षोभ भर देने वाला है। दिल्ली में ऐसी घटनाएं ज्यादा हैं इसलिए दिल्ली से ही एक सवाल है कि ऐ दिल्ली तेरे पास फख्र करने के लिए क्या है? चार-छह ऐतिहासिक इमारतें, पुराने खंडहर? या तेरी छाती पर उगा हुआ वो गोल संसद भवन? मॉल, मेट्रो, बहन की गाली, क्या? किस बात पर इतना अभिमान है तुझे? कौन सा रहस्यमयी दंभ है तुझे, पता तो चले?
दिल्ली वालों का पसंदीदा जुमला है, 'तू जानता नहीं, मेरा बाप कौन है?' पुलिस वाला पकड़ लेगा तो चालान नहीं भरेंगे, बाप की धौंस देंगे। तो बस आज दिल्ली से सिर्फ एक सवाल- 'तेरा बाप कौन है दिल्ली?' इसे पढ़ने के बाद दिल्ली के या फिर किसी भी देशवासी की जहरीली जुबान हरकत में आए और अनाप-शनाप कहे तो मैं बता दूं कि मैं भी दिल्ली में ही रहता हूं और अगर जूलियट का कत्ल नार्थ इस्ट बनाम नॉर्थ के चक्कर में हुआ है तो इस घटिया हरकत से मैं खुद इंतहा की हद तक शर्मिंदा हूं।












Click it and Unblock the Notifications