मेघालय: खदान में फंसे मजदूरों की मौत की आंशका, आने लगी है दुर्गंध
नई दिल्ली। मेघालय के जयंतिया हिल्स जिले में कोयला खदान में 15 दिनों से फंसे मजदूरों के बचने की उम्मीद कम होती जा रही है। मजदूरों को बचाने की कोशिश में जुटे एनडीआरएफ के गोताखोरों का कहना है कि खदान से बदबू आ रही है और ये अच्छे संकेत नहीं हैं। उन्होंने आशंका व्यक्त की है कि ये लाशों की बदबू हो सकती है।

इंडियन एक्सप्रेस की खबर के मुताबिक, इस अभियान की अगुवाई कर रहे एनडीआरएफ के असिस्टेंट कमांडेंट संतोष सिंह ने कहा कि ये अच्छे संकेत नहीं हैं। उन्होंने इसके आगे कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। लेकिन बचावकर्मियों का कहना है कि खदान से बदबू आ रही है। ऐसा लगता है कि मजदूरों की लाशें अब सड़ने लगी हैं।
बता दें कि अवैध रूप से कोयला निकालने गए 15 मजदूर पिछले 13 दिसंबर से खदान में फंसे हैं। 13 दिसंबर को कुल 20 लोग खदान में घुसे थे जिसमें पांच किसी तरह बाहर आने में सफल रहे। सारे लोग खदान में संकरी सुरंगों से घुसे। स्थानीय लोगों के अनुसार खदान में घुसे लोगों में से किसी ने गलती से नदी से नजदीक वाली दीवार तोड़ दिया जिससे सुरंग में पानी भर गया था।












Click it and Unblock the Notifications