क्या दिल्ली में बढ़ रहा है कम्युनिटी स्प्रेड का खतरा?, कल अहम बैठक
नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लगातार बढ़ रहे मामलों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली के मौजूदा हालातों को लेकर दिल्ली सरकार और एलजी के बीच मंगलवार को एक अहम बैठक होने वाली है। बैठक में इस बात पर चर्चा की जाएगी कि क्या कोरोना वायरस दिल्ली में कम्युनिटी स्प्रेड (समुदायिक स्तर) पर फैल गया है। वहीं सीएम अरविंद केजरीवाल के बीमार होने के कारण इस बैठक में उनकी जगह डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया हिस्सा लेंगे।

मनीष सिसोदिया ने सोमवार को बताया कि, कल दिल्ली आपदा प्रबंधन अथोरिटी की बैठक अपने निर्धारित शेडयूल के अनुसार होगी। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत ठीक नही है और उनके गले मे कफ है। उनका कल कोरोना का टेस्ट होना है और कोई मीटिंग भी नही कर रहे हैं। इसलिए मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार की तरफ से मुझे मीटिंग में शामिल होने के लिए मुझे अधिकृत किया है।
सिसोदिया ने बताया कि, कल स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक में चर्चा होनी है कि क्या दिल्ली कोरोना कम्युनिटी स्प्रेड की स्थिति में पहुँच गया है। उन्होंने कहा कि, इसमें सारा डेटा शामिल किया जाएगा। अगर विशेषज्ञ कहेंगे कि दिल्ली में कम्युनिटी स्प्रेड हो रहा है तो हम कोरोना से लड़ने की अपनी पूरी रणनीति बदलेंगे। पिछले 10 दिनों से दिल्ली में कोरोना के मामले काफी तेजी से बढ़ रहे हैं। इस दौरान दिल्ली में कोरोना के 12 हजार 359 मामले सामने आ चुके हैं।
स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (एसडीएमए) आपदा के समय किसी भी राज्य में निर्णय लेने वाली सबसे बड़ी अथॉरिटी होती है। दिल्ली में उप राज्यपाल इसके प्रेसिडेंट होते हैं और मुख्यमंत्री इसके वाइस प्रेसिडेंट होते हैं। रेवेन्यू मिनिस्टर, मुख्य सचिव और पुलिस कमिश्नर इसके सदस्य होते हैं। मंगलवार को होने वाली मीटिंग दिल्ली के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। बता दें कि, दिल्ली में अब तक 27 हजार से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना वायरस लगातार बढ़ते जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications