मूर्तियां तोड़े जाने पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने दिया बड़ा बयान
mayawati,narendra modi,मूर्ति,bsp,बसपा,मायावती,नरेंद्र मोदी,
नई दिल्ली। देश भर में मूर्ति तोड़े जाने की घटनाओं पर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुखयमंत्री मायावती ने टिप्पणी की है। मायावती ने कहा है कि इन सब घटनाओं की हमारी पार्टी निंदा करती है। हमारी पार्टी उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में खास कर दलितों में जन्में हमारे महापुरुषों की मूर्तियों को सुरक्षित रखने के लिए, उचित व्यवस्था करने के लिए केंद्र सरकार और राज्य सरकारों से मांग करती है। मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि इस मामले में पीएम की बयानबाजी नहीं चलेगी बल्कि ऐसे तत्वों के खिलाफ इनको सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ देश द्रोह के तहत कार्रवाई होनी चाहिए। अगर अब सरकार सख्ती दिखाती है तो आगे किसी की हिम्मत नहीं होगी।

सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है
गौरतलब है कि पूर्वोत्तर में लेनिन की मूर्ति को गिराने के बाद से शुरू हुआ सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को तमिलनाडु के चेन्नई के तिरुवोत्तियोर में अज्ञात लोगों ने भीमराव अंबेडकर की मूर्ति पर पेंट फेंककर नुकसान पहुंचान की कोशिश की। पुलिस ने कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अपराधियों के पकड़ने के लिए सबूत जुटा रही है। यह लगातार तीसरा दिन है कि देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रतिमाओं को तोड़ा जा रहा है। आज केरल के कन्नूर क्षेत्र में थालीपराम्बा में महात्मा गांधी की मूर्ति पर अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया है। मूर्ति के चश्मे को तोड़ दिया।

हिंसा फैलाने की कोशिश
बता दें कि कल मेरठ के मवाना में कुछ अज्ञात लोगों ने अबेंडकर की मूर्ति को खंडित कर दिया। मवाना क्षेत्र के एक गांव में अंबेडकर की मूर्ति तोड़कर हिंसा फैलाने की कोशिश की गई। असामाजिक तत्वों द्वारा मूर्ति खंडित करने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। उधर, दलितों में भी इसको लेकर आक्रोश पैदा हो गया था। बताया गया कि करीब छह महीने पहले भी इसी मूर्ति को तोड़कर हिंसा फैलाने की कोशिश की गई थी।

पेरियार और गांधी की मूर्ति पर हमला
तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में मंगलवार रात को त्रिपट्टुर कोर्पोरेशन के ऑफिस में रखी हुई पेरियार की मूर्ति को तोड़ने की कोशिश की गई थी। घटना के बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने जिन दो लोगों को गिरफ्तार किया है उनमें से एक का संबंध भाजपा से बताया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications