Max Hospital का लाइसेंस हो सकता है रद्द- स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन
नई दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन ने शनिवार को कहा कि अगर अस्पताल लापरवाही करता रहेगा, तो राज्य सरकार उसका लाइसेंस रद्द कर देगी। समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए जैन ने कहा, "जैसे ही हमें सूचना मिली, हमने इस मामले की जांच शुरू कर दी। रिपोर्ट आने के बाद, हम सख्त कार्रवाई करेंगे। अगर उनका लापरवाही भरा व्यवहार जारी रहा हम उनका लाइसेंस रद्द कर सकते हैं। गौरतलब है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने एक जिंदा बच्चे को मरा हुआ बता दिया और परिवार वालों को दे दिया। जब पैकेट में बच्चा अचानक पैर चलाने लगा तब परिवार वालों को अस्पताल की लापरवाही का पता चला। अब इस मामले में मैक्स अस्पताल के खिलाफ भारतीय दण्ड संहिता की धारा 308 के तहत मामला दर्ज कराया गया है। इस मामले में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी जांच के आदेश दे दिए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस घटना में जांच के आदेश दे दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि वो प्राथमिक रिपोर्ट 72 घंटे और पूर्ण रिपोर्ट एक हफ्ते के भीतर जमा करें।

जैन ने कहा कि 'पिछले 15-20 वर्षों में, सुधारों के तहत, निजी अस्पतालों को बहुत छूट मिली और सरकारी अस्पतालों को जानबूझ कर बर्बाद कर दिया गया। दिल्ली सरकार स्वास्थ्य प्रणाली में सुधार करना चाहती है। जांच रिपोर्ट दो दिनों के भीतर आ जाएगी।' वहीं इस मामले पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा था कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है।
नड्डा ने दिल्ली सरकार को इस मामले पर विचार करने और आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा था। मैक्स हॉस्पिटल में लापरवाही के मुद्दे पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्यों से अपील है कि स्वास्थ्य से जुड़े प्रतिष्ठानों अधिनियम को अपनाएं ताकि निजी संस्थानों के काम और कामकाज को देख सकें।












Click it and Unblock the Notifications