Video:चार्टर्ड प्लेन किराए पर लेकर आसमान में रचाई शादी, इस वजह से नप गए SpiceJet के क्रू मेंबर
मदुरै, 24 मई: आसमान में शादी रचाने का एक नव दंपति का फैसला स्पाइसजेट के क्रू पर भारी पड़ा है। डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने सोमवार को मिड-एयर शादी की तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद क्रू के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और उन्हें तत्काल डी-रोस्टर करने का निर्देश दिया है। दरअसल, रविवार को मदुरै से बेंगलुरु की फ्लाइट के भीतर आसमान में डेढ़ सौ से ज्यादा रिश्तेदारों से खचाखच भरी प्लेन में शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा था। गौरतलब है कि तमिलनाडु और कर्नाटक में सख्त लॉकडाउन की वजह से धरती पर शादी में इतनी भीड़ जुटाने की इजाजत नहीं मिलती। लेकिन, इन्होंने आसमान में शादी करने की तरकीब निकाल कर विमान के पूरे क्रू को मुश्किल में डाल दिया है। इस बीच डीजीसीए ने स्पाइसजेट को एक कारण बताओ नोटिस जारी कर घटना की पूरी विस्तृत जानकारी मांगी है।

आसमान में की शादी, नप गया चार्टर्ड प्लेन का क्रू
स्पाइसजेट की मुदरै-बेंगलुरु फ्लाइट में शादी की ये तस्वीरें खूबर वायरल हो रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह नव दंपति ठीक उस समय शादी के बंधन में बंध गया, जब इनका चार्टर्ड प्लेन ठीक मुदरै के प्रसिद्ध मीनाक्षी मंदिर के ऊपर से गुजर रहा था। शादी की यह रश्म 160 से ज्यादा रिश्तेदारों की मौजूदगी में निभाई गई। लेकिन, आसमान में शादी करने का यह आइडिया एविएशन वॉचडॉग को नागवार गुजरा है। सोमवार को डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन ने उस चार्टर्ड प्लेन के क्रू को सस्पेंड कर दिया है। इनपर आरोप है कि इनकी वजह से कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन हुआ है। डीजीसीए के एक अधिकारी ने हिंदुस्तान टाइम्स से इस घटना के बारे में कहा है कि, 'कल स्पाइसजेट की फ्लाइट में मदुरै के कपल के शादी करने की घटना के मामले में डीजीसीए ने स्पाइसजेट को कोविड-19 अनुकूल बर्ताव नहीं करने वालों समेत संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने का निर्देश दिया है।..... '
Recommended Video

किसी ने मास्क नहीं लगाया था
एएनआई ने जो आसमान में शादी की तस्वीरें दी हैं, उसमें साफ नजर आ रहा है कि विमान में लोग एक-दूसरे से सटकर खड़े हैं और कोविड-19 नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। विमान में सिर्फ एक ही रिश्तेदार मास्क में नजर आ रहा है, लेकिन वह भी उसने पहनने की जगह सिर्फ लटका रखा है। मास्क दूल्हे के पास भी था,लेकिन उसने हाथ में ले रखा था। डीजीसीए के अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, 'क्रू को डी-रोस्टर कर दिया गया है। हम इस मामले को देख रहे हैं और कड़ी कार्रवाई करेंगे।' जानकारी के मुताबिक फ्लाइट मदुरै से बेंगलुरु के लिए बुक की गई थी और यह उसमें शादी के इरादे से ही किया गया था। इसके बारे में मदुरै एयरपोर्ट के डायरेक्टर एस सेंथिल वलावन ने कहा, 'एक स्पाइसजेट चार्टर्ड विमान को कल मदुरै से बुक किया गया था। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों को मिड-एयर में शादी समारोह की कोई जानकारी नहीं थी।'

दोनों राज्यों में लगा हुआ है सख्त लॉकडाउन
गौरतलब है कि तमिलनाडु और कर्नाटक दोनों राज्यों में इस समय कोरोना को नियंत्रित करने के लिए सख्त लॉकडाउन लगाया गया है। तमिलनाडु ने हाल ही में इसकी मियाद 31 मई तक के लिए बढ़ा दी है। जबकि, कर्नाटक में इसे 24 मई से 7 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। सरकारी आंकड़े बतातें हैं कि तमिलनाडु में अबतक संक्रमण के कुल मामले 1,842,344 तक पहुंच चुके हैं और 20,468 लोगों की कोविड से मौत भी हो चुकी है, वहीं कर्नाटक में कुल संक्रमण का आंकड़ा 2,424,904 हो चुका है और 25,282 लोगों की अबतक मौत हो चुकी है। सबसे बड़ी बात ये है कि नए संक्रमण के मामले में पिछले कुछ दिनों में बेंगलुरु- दिल्ली, मुंबई और पुणे को भी पीछे छोड़ता रहा है।
मदुरै के रहने वाले हैं राकेश और दक्षिणा
दोंतु रमेश नाम के एक ट्विटर हैंडल पर नव दंपति के बारे में जो जानकारी दी गई है, उसके मुताबिक वर-वधु राकेश और दक्षिणा मुदरै के रहने वाले हैं। उन्होंने 2 घंटे के लिए विमान किराए पर लिया और आसमान में शादी रचाई। परिवार के जो सदस्य मदुरै से बेंगलुरु गए थे, शादी के बाद स्पाइसजेट की फ्लाइट से बेंगलुरु से मदुरै लौट आए। इस बीच डीजीसीए ने स्पाइसजेट को एक कारण बताओ नोटिस जारी कर घटना की पूरी विस्तृत जानकारी मांगी है।












Click it and Unblock the Notifications