लोकसभा चुनाव 2019: बीजेपी ने यूपी में महागठबंधन और कांग्रेस को दिया बड़ा झटका, कई नेता पार्टी में शामिल
लखनऊ: लोकसभा चुनाव में महागठबंधन बनने के बाद बीजेपी बैकफुट में नजर आ रही है। लेकिन बीजेपी यूपी में सपा-बसपा गठबंधन से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर रही है। इसके अलावा वो कांग्रेस को भी इसी रणनीति के तहत घेर रही है। सपा-बसपा और कांग्रेस के कई नेताओं को बीजेपी ने अपने पाले में खींच लिया है। तीनों पार्टियों के सभी नेताओं ने यूपी के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय की मौजूदगी में बीजेपी ज्वॉइन की।

सपा-बसपा के ये नेता बीजेपी में शामिल
बीजेपी में शामिल होने वाले नेताओं में बीएसपी के सांसद सुरेश पासी, कन्नौज में 2014 में बीएसपी के उम्मीदवार निर्मल तिवारी और बीएसपी के पूर्व महासचिव सीतापुर के रामनरेश भारतीय हैं। वहीं सपा के पूर्व राज्य मंत्री (दर्जा प्राप्त) नित्यानंद शर्मा ,सपा की युवजन सभा के नेता धर्मेश शर्मा और अलीगढ़ शहर से सपा के पूर्व प्रत्याशी रमेश पाडेय ने भी बीजेपी का दामन
थाम लिया।

कांग्रेस-आरएलडी के ये नेता हुए शामिल
कांग्रेस को भी बीजेपी ने सूबे में बड़ा झटका दिया है। कांग्रेस के तिलोई से दो बार विधायक रहे डॉ. मोहम्मद मुस्लिम को बीजेपी ने अपने पाले में खींच लिया है। इसके अलावा कांग्रेस के अलीगढ़ के पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र भारद्वाज ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है। वहीं आरएलडी के नेताओं ने भी बीजेपी का दामन थामा है। आरएलडी के प्रदेश महामंत्री और बुलंदशहर के दो बार जिला अध्यक्ष रहे राजीव चौधरी, बॉलीवुड अभिनेता मुजफ्फरनगर के मुकेश त्यागी हैं। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय का कहना है कि ये सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रभावित होकर बीजेपी में शामिल हुए हैं।
ये भी पढ़ें- जानिए यूपी के सभी संसदीय क्षेत्रों के बार में, विस्तृत समाचार

यूपी में कब हैं चुनाव?
उत्तर प्रदेश में इस बार सात चरणों में मतदान होगा। पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को, दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल, तीसरे चरण का मतदान 23 अप्रैल, चौथे चरण का मतदान 29 अप्रैल, पांचवे चरण का मतदान 6 मई, छठें चरण का मतदान 12 मई और अंतिम चरण का मतदान 19 मई को होगा। वोटों की गिनती 23 मई को होगी। गौरतलब है कि यूपी में 80 लोकसभा सीटें हैं, जो पूरे देश में किसी भी राज्य में सबसे अधिक हैं। साल 2014 में बीजेपी ने सहयोगियों के साथ मिलकर 73 सीटें जीती थी। वहीं कांग्रेस को 2, सपा को 5 और बीएसपी का खाता तक नहीं खुला था।












Click it and Unblock the Notifications