Rau IAS Coaching Death:'निष्पक्ष जांच होनी चाहिए', मनोज झा से लेकर जयाप्रदा तक ने जताई नाराजगी
Rajendra Nagar Coaching Centre Incident: ओल्ड राजेंद्र नगर स्थित कोचिंग सेंटर में तीन यूपीएससी अभ्यर्थियों की मौत हो गई थी। अब इस मामले की जांच दिल्ली हाईकोर्ट ने सीबीआई को सौंप दी है। वहीं, अब इस मामले पर राजद नेता का बयान सामने आया है।
राजद नेता मनोज कुमार झा ने कहा, 'मैं चाहता हूं कि निष्पक्ष जांच हो। CBI की जो भूमिका हाल ही के दिनों में दिखाई दी है, ऐसा न हो कि निष्कर्ष का पाठ पहले ही पढ़ा दिया जाए और फिर जांच करने के लिए कहा जाए। आप एक संपूर्ण जांच कीजिए, बिना किसी भय या पक्षपात के।'

वहीं, बीजेपी नेता जयाप्रदा ने कहा, 'इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने हमें सोचने पर मजबूर कर दिया है। हमारे बच्चे, जो भविष्य के निर्माता हैं, किन परिस्थितियों में पढ़ रहे हैं?...इस संबंध में आज मैं उपराज्यपाल से मिली...नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। तो फिर अभिभावक अपने बच्चों को वहां कैसे पढ़ने के लिए भेज रहे हैं? यह सवाल मेरे सामने है।'
उन्होंने आगे कहा कि मैं इसके लिए एमसीडी और दिल्ली सरकार को जिम्मेदार मानती हूं। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही कोई अधिकारी उनके लिए वहां खड़ा हुआ। हाईकोर्ट ने आज सीबीआई जांच के निर्देश दिए हैं। हम इस फैसले का स्वागत करते हैं। छात्रों को न्याय मिलना चाहिए...उपराज्यपाल ने आश्वासन दिया है कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। आने वाले समय में उचित कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, '..जांच होनी चाहिए, जिम्मेदारी तय होनी चाहिए... मैं उम्मीद करती हूं कि CBI वहां जल्द से जल्द जांच करेगी क्योंकि बहुत सारी ऐसी CBI जांच होती हैं जिसकी कोई रिपोर्ट नहीं आती... जो भी इसका जिम्मेदार है उस पर कार्रवाई की जाए।'
इस मामले में यूपीएससी के एक अभ्यर्थी ने बताया,'घटना के बाद से ही छात्र मांग कर रहे थे कि छात्रों के सामने सही तथ्य पेश किए जाएं। लेकिन प्रशासन ने न तो कुछ कहा और न ही कोई दस्तावेज पेश किए। छात्रों ने न्यायिक मजिस्ट्रेट जांच की मांग की थी...अगर सीबीआई जांच होती है तो हमें भरोसा है कि हमें तथ्यों का पता चल जाएगा।'












Click it and Unblock the Notifications