Mann Ki Baat Highlights: 'छठ पूजा से लेकर सरदार पटेल की जयंती तक', PM मोदी ने किया जिक्र
Mann Ki Baat Highlights: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के जरिए देश को संबोधित किया। आपको बता दें कि आज मन की बात कार्यक्रम का 127वां एपिसोड था। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने लोगों को 'छठ पर्व' की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 'ये पर्व भारतीय सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण है और ये हमें एक सूत्र में पिरोता है।'

अपने इस खास कार्यक्रम में पीएम मोदी ने निम्नलिखित बातों पर प्रकाश डाला...
अपने संबोधन में, पीएम मोदी ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में सशस्त्र बलों की सफलता की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि 'भारत की इस उपलब्धि ने देशवासियों को गर्व से भर दिया है। उन इलाकों में भी खुशियों के दीप जले हैं, जहां कभी माओवादी आतंक का अंधेरा पसरा था।'
'एक पेड़ मां के नाम' पर चर्चा (Mann Ki Baat)
प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक पेड़ मां के नाम' पहल पर चर्चा की, और लोगों से आग्रह किया कि 'वे जहां भी रहें, पेड़ लगाएं। मित्रों, यही तो पेड़-पौधों की विशेषता है। जगह चाहे कोई भी हो, वे हर जीव के भले के लिए उपयोगी होते हैं इसीलिए हमारे शास्त्रों में भी इनका जिक्र किया गया है।'
देशवासी 'रन फॉर यूनिटी' में हिस्सा लें (Mann Ki Baat)
पीएम मोदी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को भी याद किया। 31 अक्टूबर को उनकी 150वीं जयंती से पहले, पीएम मोदी ने उन्हें 'आधुनिक समय में देश के महानतम प्रबुद्धजनों में से एक' बताया। उन्होंने कहा कि 'सरदार पटेल ने स्वच्छता और सुशासन को प्राथमिकता दी थी।' उन्होंने देशवासियों से 31 अक्टूबर को देश भर में आयोजित होने वाली 'रन फॉर यूनिटी' में शामिल होने का आग्रह किया।
बंकिम चंद्र चटर्जी को किया याद (Mann Ki Baat)
बंकिम चंद्र चटर्जी द्वारा रचित भारत के राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए, पीएम मोदी ने कहा कि 'यह गीत देशवासियों के दिलों में भावनाओं का ज्वार पैदा करता है। 7 नवंबर को भारत 'वंदे मातरम' के उत्सव के 150वें वर्ष में प्रवेश करेगा, जो कि बड़े गर्व की बात है।'
भारतीय नस्ल के कुत्तों का भी किया जिक्र (Mann Ki Baat)
मन की बात के 127वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'पांच साल पहले, मैंने इसी कार्यक्रम में भारतीय नस्ल के कुत्तों पर चर्चा की थी। मुझे यह कहते हुए खुशी हो रही है कि बीएसएफ और सीआरपीएफ ने अपनी टुकड़ियों में भारतीय नस्ल के कुत्तों की संख्या बढ़ा दी है। बीएसएफ का कुत्तों के लिए राष्ट्रीय प्रशिक्षण केंद्र ग्वालियर के टेकनपुर में स्थित है। यहां उत्तर प्रदेश के रामपुर हाउंड और कर्नाटक व महाराष्ट्र के मुधोल हाउंड पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बेंगलुरु स्थित सीआरपीएफ के डॉग ब्रीडिंग एंड ट्रेनिंग स्कूल में मोंगरेल, मुधोल हाउंड, कोम्बाई और पांडिकोना जैसी भारतीय नस्लों के कुत्तों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।'












Click it and Unblock the Notifications