मनमोहन बोले मोदी सरकार में देश का लोकतंत्र खतरे में है
नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मौजूदा मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने मोदी सरकार पर देश में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में देश का लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थायें खतरे में हैं। मनमोहन यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि विरोध की आवाज को इस सरकार में कुचला जा रहा है।

वहीं मनमोहन सिंह के बयान पर हमला बोलते हुए भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि मनमोहन सिंह ने ऐसे वक्त अपनी चुप्पी तोड़ना बेहतर समझा है जिस वक्त देश को उनकी सरकार की हकीकत के बारे में पता चल गया है। जिस वक्त देश उनसे जवाब मांग रहा था उस वक्त मनमोहन सिंह ने कहा था कि मेरी हजार जवाबों से अच्छी मेरी खामोशी है।
मैंने कभी किसी को कोई फायदा नहीं पहुंचाया
मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल का बचाव करते हुए कहा कि हमने भ्रष्टाचार से कभी कोई समझौता नहीं किया। मैंने व्यक्तिगत स्तर पर मैंने कभी भी अपने परिवार या रिश्तेदारों को कोई भी फायदा नहीं पहुंचाया।
हमने देश की अर्थव्यवस्था को ऐतिहासिक स्तर पर पहुंचाया
भाजपा हमेशा कहती है कि यूपीए की सरकार में कोई भी नीति नहीं थी जोकि पूरी तरह से गलत है। हमारी सरकार ने जब सत्ता छोड़ी थी तो 8.5 की दर से देश की अर्थव्यवस्था बढ़ रही थी। मोदी सरकार ने पिछले एक साल में आकंड़ों में फेरबदल करके आंकड़ों को बेहतर दिखाने की कोशिश की है।
मोदी सरकार के दौरान रिकवरी की स्थिति बेहतर नहीं है। निवेश देश में नहीं बढ़ा है और कृषि का उत्पादन कम हुआ है और निर्यात भी काफी कम हुआ है। 65 फीसदी लोग गांवों में रह रहे हैं और वो पूरी तरह से इस सरकार से परेशान हैं।
यूपीए की योजनाओं को अपना नाम दे रही है मोदी सरकार
मेक इन इंडिया यूपीए सरकार की न्यू मैन्युफैक्चरिंग पॉलिसी की कार्बन कॉपी है। हमने कई योजनाओं की शुरुआत की जिसे एनडीए सरकार अपने नाम से नयी योजना का नाम देकर चला रही है। हमें अपनी उपलब्धियों पर गर्व है और हमने देश के लिए जो किया है उसके लिए हमें हमेशा गर्व रहेगा। कांग्रेस पार्टी, राहुल गांधी, सोनिया गांधी देश से गरीबी को हटाने के लिए प्रतबद्ध हैं।












Click it and Unblock the Notifications