मणिपुर: इंफाल वेस्ट में दो समूहों के बीच गोलीबारी, सुरक्षा बल तैनात, CM ने किया स्कूलों को खोलने का ऐलान
Manipur Update: इंफाल पश्चिम जिले में दो समूहों के बीच गोलियां चलने की खबर आ रही है। हालांकि, पुलिस ने कहा है कि सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
Manipur Update: मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में दो समूहों के बीच गोलीबारी हुई। यह जानकारी अधिकारियों ने दी है। उन्होंने बताया कि घटना शांतिपुर गांव के पास हुई। हालांकि, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि स्थिति से निपटने के लिए इलाके में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है।
उधर, मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने मई के पहले सप्ताह में जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद बंद हुए स्कूलों को पांच जुलाई से खोल दिया है। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने सोमवार को कहा कि सरकार ने पांच जिलों में अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात करने का फैसला किया है। सरकार ने बुधवार यानी 5 जुलाई से कक्षा 1 से 8वीं तक के लिए स्कूल खोलने का फैसला किया है।

इंफाल में हुई दो समूहों के बीच गोलीबारी को लेकर पुलिस का कहना है कि पिछले 24 घंटों में गोलीबारी की छिटपुट घटनाओं और अनियंत्रित भीड़ के एकत्र होने से कुछ स्थानों पर स्थिति तनावपूर्ण है। हालांकि, अधिकांश जिलों में स्थिति सामान्य है।
तीन मई को हिंसा भड़की आज भी जारी
मालूम हो कि अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने की मैतेई समुदाय की मांग के विरोध में 3 मई को पहाड़ी जिलों में 'आदिवासी एकजुटता मार्च' आयोजित किया गया था। जिसके बाद राज्य में पहली बार हिंसा भड़की। अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और कई घायल हुए हैं। इसके अलावा हजारों लोगों ने राहत शिविरों में शरण ली है। आपको बता दें कि मणिपुर की आबादी में मेइतेई लोगों की संख्या लगभग 53 प्रतिशत है और वे ज्यादातर इम्फाल घाटी में रहते हैं। जनजातीय नागा और कुकी आबादी का 40 प्रतिशत हिस्सा हैं और पहाड़ी जिलों में रहते हैं।












Click it and Unblock the Notifications