मणिपुर: खेल मंत्री लेतपाओ हाओकिप भाजपा में शामिल, कहा- पीएम मोदी की वजह से आया
नई दिल्ली, 29 दिसंबर: मणिपुर सरकार में खेल और युवा मामलों के मंत्री, नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) नेता लेतपाओ हाओकिप भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव की मौजूदगी में लेतपाओ ने भाजपा की सदस्यता ली। मणिपुर में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कई नेताओं के दल-बदल का सिलसिा भी राज्य में देखने को मिल रहा है।

भाजपा में शामिल होने के बाद लेतपाओ हाओकिप ने कहा कि वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंन कहा, मुझे लगता है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में ही पूर्वोत्तर क्षेत्र और मणिपुर का विकास होगा। ऐसे में प्रधाननमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मैंने भाजपा में आने का फैसला लिया है।
राज्य में अगले साल की शुरुआत में ही चुनाव
मणिपुर में विधानसभा का कार्यकाल 19 मार्च 2022 को खत्म हो रहा है। ऐसे में फरवरी में यहां चुनाव कराया जा सकता है। मणिपुर में भाजपा सरकार में है और वो एक बार फिर से सत्ता पर काबिज होना चाहती है। जिसको लेकर उसने तैयारी भी शुरू कर दी है। राज्य में उसका सीधा मुकाबला कांग्रेस से होने की उम्मीद है। जो कि राज्य में बीते चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।
2017 में भाजपा को 60 में 21 सीटें मिलीं थीं। जिसके बाद उसने स्थानीय दलों के साथ गठबंधन कर सरकार बनाई थी। 60 सीटों वाली मणिपुर विधानसभा में 2017 में कांग्रेस को 28 सीटें मिली थीं। हालांकि वो सरकार नहीं बना सकी थी। भाजपा को 21 सीटे मिली थीं। भाजपा ने नेशनल पीपल्स पार्टी (4), नगा पीपल्स फ्रंट (4), लोजपा (1) और दो अन्य विधायकों के सहयोग से सरकार बनायी थी। जिसके बाद राज्य में भाजपा के एन बीरेन सिंह मुख्यमंत्री बने थे।












Click it and Unblock the Notifications