मणिपुर: फैशन शो शुरू होने से पहले ग्रेनेड धमाका, शामिल होने वाली थीं सनी लियोनी
इंफाल पूर्व जिले में रविवार को एक फैशन शो होगा,लेकिन उससे पहले वहां पर ग्रेनेड धमाका हुआ। कार्यक्रम में सनी लियोनी को भी शामिल होना है।

मणिपुर के इंफाल पूर्व जिले में रविवार को एक फैशन शो का आयोजन किया गया है, लेकिन उससे एक दिन पहले शनिवार सुबह वहां पर धमाका हुआ। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। वहीं इस कार्यक्रम में एक्ट्रेस सनी लियोनी भी शामिल होने वाली हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक जांच में चाइनीज ग्रेनेड के इस्तेमाल की बात सामने आ रही है।
मामले में एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि हप्ता कांगजीबंग में रविवार को फैशन शो का आयोजन होना है। जिसमें एक्ट्रेस सनी लियोनी समेत कई लोगों शामिल होंगे, लेकिन शनिवार सुबह कार्यक्रम स्थल के पास एक ग्रेनेड विस्फोट हुआ। इस घटना में कोई घायल तो नहीं हुआ, लेकिन घटना के बाद इलाके के लोग काफी डर गए थे। फिलहाल अब हालात कंट्रोल में हैं।
चीनी ग्रेनेड के इस्तेमाल का शक
घटनास्थल से जांच टीम को ग्रेनेड के अवशेष मिले हैं, जिसकी जांच से लग रहा कि वो चीनी ग्रेनेड था। अभी तक इस घटना की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है। साथ ही आयोजकों की ओर से भी कोई बयान सामने नहीं आया है। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बड़ा दी।
गणतंत्र दिवस से पहले भी हुआ था ब्लास्ट
गणतंत्र दिवस से एक दिन पहले यानी 25 जनवरी को मणिपुर के उखरूल जिले में एक ब्लास्ट हुआ था। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गांधी सर्कल में आईईडी के जरिए ब्लास्ट हुआ। जिससे कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। धमाका इतना जबरदस्त था कि कई किलोमीटर तक उसकी आवाज सुनाई दी।
तीन उग्रवादी गिरफ्तार
वहीं हाल ही में सुरक्षाबलों ने हमार पीपुल्स कन्वेंशन (डेमोक्रेसी) से जुड़े तीन कैडरों को गिरफ्तार किया था। जिनके पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, एक कार और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक उन्होंने मणिपुर के मुओलवाइफेई गांव में अभियान चलाया था, उसी दौरान ये गिरफ्तारी हुई।












Click it and Unblock the Notifications