उरी आतंकी हमले के शहीदों के बच्चों को नरेंद्र मोदी सरकार देगी खास सुविधा!
नई दिल्ली। उरी आतंकी हमले में शहीदों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने की व्यवस्था करने के लिए केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को चिट्ठी लिखी है।

इंटरनेट पर पिटीशन वायरल
वेबसाइट change.org पर डाली गई एक पिटीशन इंटरनेट पर वायरल हो गई। इस पिटीशन में उरी आतंकी हमले के शहीदों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने की मांग की गई है। इस पर 80 हजार से ज्यादा लोगों ने साइन किए हैं।
क्या है इस पिटीशन में
चेंज डॉट ओआरजी पर यह पिटीशन पुणे के मर्यादा प्रसाद ने डाली है। इस पिटीशन में लिखा है, 'हमारी जिंदगी को बचाने के लिए शहीद के परिवारों ने अपने कमाने वाले को खो दिया है। उनकी वजह से हम सुरक्षित जीवन जी रहे हैं। अगर देश में कोई नेता या भारतीय चैन से सोते हैं तो इसका सारा क्रेडिट उन सिपाहियों को जाता है। भारतीय सरकार का यह कर्तव्य है कि शहीदों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा दिलाए।'
पिटीशन में आगे लिखा है, 'शहीदों का बलिदान अमूल्य है। उनके बच्चों के सपनों को पूरा करने में साथ देने वाला कोई नहीं। उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपना पिता को खो दिया। सिर्फ एक बार आर्थिक मदद पर्याप्त नहीं है। इन बच्चों के सपनों को पंख लगे, इसके लिए उनको लगातार मदद देने की जरूरत है।'

मेनका गांधी ने दिया जवाब
जब यह पिटीशन केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी के पास भेजा गया तो उन्होंने इस पर एक्शन लिया। change.org के इस पिटीशन पर मेनका गांधी की तरफ से जवाब भी दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने पिटीशन के जवाब में लिखा, 'मुझे एक पिटीशन मिली है जिसमें उरी हमले के शहीदों के बच्चों की मुफ्त शिक्षा की व्यवस्था करने की मांग की गई है। देश की सुरक्षा के लिए हमारे सैनिक महान बलिदान करते हैं।'
मेनका गांधी ने लिखा, 'मैने मानव संसाधन मंत्री से अनुरोध किया है कि इस पिटीशन पर अमल किया जाए।'












Click it and Unblock the Notifications