दिल्ली: शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की चेकिंग कर रही थी पुलिस, मशीन ले भागा चोर
नई दिल्ली। राजधानी की सड़कों पर देर रात शराब पीकर वाहन चलाने वालों की चेकिंग चल रही थी। दिल्ली पुलिस की टीम वाहनों को रोककर चालकों की सांस की जांच कर रही थी। उस दौरान पुलिस को अजीबोगरीब हालात का सामना करना पड़ा। दरअसल, एक वाहन चालक अल्कोहल की जांच करने वाली (एल्को मीटर) मशीन ही लेकर फरार हो गया। हालांकि उस वक्त कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे लेकिन उसे पकड़ नहीं सके।

आरोपी मशीन छीनकर भागने में सफल
दिल्ली के कनॉट प्लेस थाना क्षेत्र में 24 नवंबर की रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक वाहन को रोका, नशे में दिख रहे युवक ने पुलिस के इशारा करने पर अपनी कार रोकी। इस दौरान जब पुलिस ने उसकी जांच के लिए मशीन निकाली, वो पलक झपकते ही पुलिसकर्मियों के हाथ से मशीन छीनकर फरार हो गया। मौके पर कई पुलिसकर्मी मौजूद थे लेकिन आरोपी मशीन छीनकर भागने में सफल रहा।

युवक के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पूरे मामले पर पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में हेड कॉन्स्टेबल ललित ने बताया कि उनकी ड्यूटी कनॉट प्लेस इलाके में थी। ललित पुलिस टीम के साथ उस रात करीब 11:40 बजे शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की सांस की जांच कर रहे थे। तभी उन्होंने एक वाहन को देखा और उसे रुकने का इशारा किया।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों की हो रही थी चेकिंग
आरोपी ने एम-ब्लॉक के पास अपनी कार रोकी। लेकिन जैसे ही मशीन लेकर वे उसके नजदीक पहुंचे, आरोपी वाहन चालक ने मशीन छीन लिया और फरार हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार के चार अंक 9751 के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications