सचिन की बेटी सारा को अगवा करने की धमकी देने वाला सिरफिरा गिरफ्तार, करना चाहता था शादी
मुंबई। देश के पूर्व क्रिकेट मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा को अगवा करने की धमकी देने वाले को मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वो सारा को बार-बार फोन कर परेशान कर रहा था और किडनैप करने की धमकी दे रहा था। आरोपी की पहचान देवकुमार मैती के रूप में हुई है और पश्चिम बंगाल से उसे गिरफ्तार किया गया है। आप जानकर सन्न रह जाएंगे कि वो सारा से शादी करने का दबाव बना रहा था और फोन पर कहता था कि अगर उसने शादी के लिए हां नहीं किया तो वो उन्हें किडनैप कर लेगा। धमकी मिलने के बाद सचिन के परिवार ने मुंबई के बांद्रा पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत की थी। विस्तार से जानिए पूरा मामला

सारा को 20 बार किया फोन, किए भद्दे कमेंट
रिपोर्ट के मुताबिक युवक ने सारा को 20 बार फोन किया, भद्दे कमेंट किये और सारा को किडनैप करने की भी धमकी दी। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक के परिवार का कहना है कि उसका मानसिक संतुलन सही नहीं है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस युवक को तेंदुलकर के घर का नंबर कहां से मिला। युवक की मानसिक जांच भी की जाएगी जिससे पता लग सके कि युवक मानसिक रूप से बीमार है या नहीं।

फोन ट्रेस कर लगाया आरोपी का पता
मुंबई पुलिस ने फोन ट्रेस कर उसका पता लगाया. पता लगा कि वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। मुंबई पुलिस शनिवार को महिषाडल पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक को हल्दिया कोर्ट में पेश किया गया और ट्रांजिट रिमांड की मांग की गई है।

अपने पड़ोसियों से कर चुका है सारा से शादी का वादा
जानकारी के मुताबिक आरोपी देवकुमार मैती को महिषाडल में आर्टिस्ट के तौर पर जाना जाता है। वह चित्रकारी के लिए इलाके में विख्यात है। पुलिस हिरासत में युवक ने मीडिया से कहा कि वह क्रिकेटर की बेटी से प्रेम करता है और उनसे शादी करना चाहता है। इतना ही नहीं उसने अपने पड़ोसियों से भी कह रखा है कि वह क्रिकेटर की बेटी से शादी करने वाला है।












Click it and Unblock the Notifications