पत्नी से झगड़े के बाद शख्स की करतूत, तीन बेटों को नदी में फेंका, कहा- मैंने उन्हें मार दिया
चित्तूर (आंध्र प्रदेश)। क्या कोई शख्स इतना क्रूर हो सकता है कि अपनी पत्नी से झगड़े की सजा अपने बच्चों को दे दे? चित्तूर में ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने पत्नी से विवाद होने पर अपने तीन बेटों को नदी में फेंक दिया। जानकारी के मुताबिक तीनों बच्चों की नदी में डूबने से मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए हैं। वहीं आरोपी शख्स मौके से फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पत्नी के झगड़े में बच्चों को दी सजा
गंगाधारा नेल्लोर पुलिस ने बताया कि पूरा मामला बाला गंगानापल्ले गांव का है। यहां रहने वाले पेशे से ट्रक ड्राइवर वेंकटेश्वरलू का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। गुस्से में ट्रक ड्राइवर की पत्नी अमरावती अपने तीन बच्चों के साथ अपने मायके चली गई। वहीं वेंकटेश्वरलू इसके बाद शराब पीने लगा। बाद में जब उसका गुस्सा शांत हुआ तो वो अपनी अपनी पत्नी को लाने के लिए रविवार शाम अपने ससुराल पहुंच गया। हालांकि उसकी पत्नी वापस आने को तैयार नहीं हुई।

शराब के नशे में बच्चों को नदी में फेंका
पत्नी के नहीं आने पर वेंकटेश्वरलू ने गुस्से में अपने तीन बेटों को जबरन अपने साथ लेकर वापस आने लगा। लौटते वक्त रास्ते में उसने फिर से शराब पी और फिर अपने तीनों बेटों को लेकर आगे बढ़ा। इस दौरान जब वह नीवा नदी पर बने पुल पर पहुंचा तो उसे न जाने क्या सूझी, तुरंत ही उसने अपने तीनों बेटों को नदी में फेंक दिया। इस करतूत को अंजाम देने के बाद ये शख्स घर पहुंचा और वहां नशे की हालत में उसने अपनी पत्नी को फोन किया और बताया कि मैंने उनको मार दिया।

आरोपी पिता मौके से फरार, पुलिस तलाश में जुटी
जैसे ही अमरावती को ये पता चला उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वो भागकर पुलिस के पास पहुंची और मामले की जानकारी दी। पुलिस ने तुरंत ही बच्चों की तलाश के लिए जांच अभियान शुरू किया। सोमवार तड़के तीनों बच्चों के शव मिले। फिलहाल आरोपी वेंकटश्वरलू फरार है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications