ममता बनर्जी बोलीं- जल्द गिर जाएगी महाराष्ट्र की नई सरकार, सत्ता जीती है लोगों का दिल नहीं
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे वाली नई सरकार पर जमकर निशाना साधा।
कोलकाता, 04 जुलाई : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे वाली नई सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली नई महाराष्ट्र सरकार जल्द ही गिर जाएगी। यह नई सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी।
Recommended Video

महाराष्ट्र का दिल नहीं जीता
इंडिया टुडे की खबर के मुताबिक, सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि यह सरकार ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी। यह एक अनैतिक और अलोकतांत्रिक सरकार है। उन्होंने भले ही सरकार बना ली हो, लेकिन उन्होंने महाराष्ट्र का दिल नहीं जीता।

जनता इनको भी कुचलेगी
उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि आप अपनी शक्ति का दुरुपयोग करके लोकतंत्र को कुचल सकते हैं, लेकिन इस देश के लोग लोकतांत्रिक साधनों का उपयोग करके आपको कुचल देंगे। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के शिवसेना के बागी विधायकों को असम में भाजपा द्वारा धन और अन्य चीजों की आपूर्ति की गई थी।

वंशवाद की राजनीति पर बीजेपी से मांगा जवाब
उन्होंने भाजपा द्वारा वंशवाद की राजनीति के बार-बार इस्तेमाल किए जाने वाले शब्द का भी जवाब देने की मांग की। उन्होंने पूछा कि भाजपा किस वंश की बात कर रही है? शेख मुजीबुर रहमान की मृत्यु के बाद शेख हसीना ने बांग्लादेश की बागडोर संभाली। ऐसा और कौन कर सकता था।

अभिषेक बनर्जी पर क्या बोलीं सीएम
अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी के टीएमसी से राजनेता होने पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें क्या दिक्कत है। जनता ने उन्हें दो बार चुना। क्या आप नहीं चाहते कि युवा पीढ़ी देश की बागडोर संभाले?

सीएम बनर्जी की सुरक्षा में सेंध
बता दें कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कोलकाता के कालीघाट स्थित आवास पर सुरक्षा को लेकर भारी चूक सामने आई। एक व्यक्ति ने शनिवार की रात को सीएम बनर्जी की सुरक्षा में सेंध लगाई। शख्स दीवार फांद कर परिसर में घुस गया था। हालांकि, बाद में पुलिसकर्मियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications